भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनावपूर्ण हालात के बीच एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम में दोनों देशों ने आपसी सहमति से सीजफायर लागू करने का निर्णय लिया है। शनिवार को विदेश मंत्रालय द्वारा आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में विदेश सचिव विक्रम मिस्त्री ने जानकारी दी कि यह सीजफायर भारतीय समयानुसार शाम 5 बजे से प्रभाव में आ गया है।
विदेश सचिव ने बताया कि भारत और पाकिस्तान के सैन्य संचालन महानिदेशकों (DGMO) के बीच आज दोपहर 3 बजकर 35 मिनट पर अहम बातचीत हुई। इस चर्चा के बाद यह निर्णय लिया गया कि थल सेना, वायुसेना और नौसेना के सभी स्तरों पर सैन्य कार्रवाई और गोलीबारी को तत्काल प्रभाव से रोक दिया जाएगा।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह समझौता भारत की कूटनीतिक रणनीति और दृढ़ रुख का परिणाम है। भारत ने इस सीजफायर को अपनी शर्तों पर स्वीकार करवाया है, जिसे एक बड़ी कूटनीतिक सफलता माना जा रहा है। यह कदम दोनों देशों के बीच शांति बहाल करने की दिशा में अहम मील का पत्थर साबित हो सकता है।

यह भी पढें- भारत-पाक तनाव और आतंकी हमलों का चारधाम यात्रा पर असर, GMVN को 29 लाख का नुकसान











