चारधाम यात्रा की तैयारी तेज, जनसमस्याओं के समाधान पर भी सीएम धामी का फोकस
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशभर के सभी जिलाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक की। इस बैठक में उन्होंने चारधाम यात्रा की तैयारियों के साथ-साथ आम जनता से जुड़ी समस्याओं के शीघ्र समाधान पर विशेष जोर दिया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को चारधाम यात्रा के दौरान हर संभव सहायता और सुविधा प्रदान की जाए, जिससे उनकी यात्रा सुगम और सुरक्षित बन सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक जिले में पब्लिक सर्विस डिलीवरी को बेहतर बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। सड़कें गड्ढा मुक्त हों, पेयजल की आपूर्ति लगातार बनी रहे, और बिजली व्यवस्था सुदृढ़ हो—इसके लिए संबंधित विभाग सतत निगरानी रखें। साथ ही उन्होंने वनाग्नि पर प्रभावी नियंत्रण के लिए भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
धामी ने यह भी कहा कि जन शिकायत निवारण पोर्टलों जैसे 1905 और 1064 पर प्राप्त शिकायतों का त्वरित संज्ञान लिया जाए और समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए। जनता को यह विश्वास होना चाहिए कि सरकार उनकी समस्याओं को गंभीरता से ले रही है।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अवैध अतिक्रमण और अवैध मदरसों पर सख्त कार्रवाई के लिए विशेष अभियान चलाने के भी निर्देश दिए। इसके अलावा, सभी विभागीय योजनाओं और कार्यों की मॉनिटरिंग, सत्यापन अभियानों में तेजी, और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय को और अधिक मजबूत करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से यह अपील की कि वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरें और राज्य के समग्र विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।
यह भी पढें- हरिद्वार: केमिकल फैक्टरी में लगी भीषण आग पर 9 घंटे बाद काबू, दो की मौत, तीन अब भी लापता