Uttarakhand : “नए साल पर पुलिस की सख्त नजर, नियम तोड़ने वालों के लिए कोई छूट नहीं, म्यूजिक बजेगा केवल निर्धारित समय तक”

देहरादून: न्यू ईयर के अवसर पर दून पुलिस ने सुरक्षा को लेकर कड़ी तैयारी कर ली है। एसएसपी अजय सिंह ने सभी होटल संचालकों और आयोजकों के साथ बैठक कर नए साल के कार्यक्रमों में सुरक्षा और नियमों के पालन के निर्देश दिए हैं।
एसएसपी ने कहा कि किसी भी प्रतिष्ठान में कार्यक्रम आयोजित करने से पहले फायर सेफ्टी ऑडिट और आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी। इसके साथ ही निर्धारित समय के बाद लाउड म्यूजिक नहीं बजाना, अग्नि सुरक्षा उपकरण क्रियाशील रखना, और पार्किंग व सुरक्षा गार्डों की पर्याप्त व्यवस्था करना अनिवार्य है।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि किसी भी विवाद या अप्रिय घटना की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित किया जाए। इसके अलावा, प्रतिष्ठानों में आने वाले विदेशी नागरिकों की जानकारी स्थानीय अभिसूचना इकाई को दी जाए। अवैध गतिविधियों और हुड़दंग पर पूरी तरह रोक रहे, तथा कार्यक्रम स्थल पर सीसीटीवी कैमरे चालू रखने की भी सख्त हिदायत दी गई।
एसएसपी अजय सिंह ने सभी से अनुरोध किया कि नए साल का स्वागत हर्षोल्लास के साथ करें, लेकिन शराब पीकर वाहन न चलाएं और सार्वजनिक स्थानों पर शांति बनाए रखें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment