देहरादून। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें नमन करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए। गुरुवार को सीएम धामी दीनदयाल पार्क, देहरादून पहुंचे, जहां उन्होंने उपाध्याय जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके आदर्शों को स्मरण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने अपने पूरे जीवन को समाज के वंचित, गरीब और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित किया। उनका दर्शन और उनकी शिक्षाएं आज भी सभी के लिए मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत बनी हुई हैं।
सीएम धामी ने इस मौके पर कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का “अंत्योदय” का संकल्प हमारी सरकार की विकास नीति की प्रेरणा है। राज्य सरकार निरंतर यह सुनिश्चित कर रही है कि केंद्र और राज्य की हर योजना का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री ने अपने आवास पर भी पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बी.एल. संतोष, राज्यसभा सांसद एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, विधायक खजान दास समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।






