देहरादून। उत्तराखंड हाईकोर्ट को आज नया मुख्य न्यायाधीश मिलने जा रहा है। वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस मनोज कुमार गुप्ता आज उत्तराखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे। शपथग्रहण समारोह राजधानी देहरादून स्थित लोकभवन में आयोजित किया जाएगा।
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) जस्टिस मनोज कुमार गुप्ता को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। इस अवसर पर राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित कई गणमान्य व्यक्ति और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।
गौरतलब है कि इससे पहले सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस मनोज कुमार गुप्ता को उत्तराखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश पद के लिए नियुक्त करने की सिफारिश की थी, जिसे मंजूरी मिलने के बाद आज उनका शपथग्रहण किया जा रहा है। जस्टिस गुप्ता के कार्यभार संभालने से राज्य की न्यायिक व्यवस्था को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।








