देहरादून: मसूरी से लौटते समय देहरादून-मसूरी मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। देर रात एक कार अनियंत्रित होकर ग्लोगी के पास गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस को इस हादसे की जानकारी देर रात मेजर अंशुमान त्रिखा ने दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। मेजर अंशुमान ने बताया कि वे तीन लोग मसूरी घूमने गए थे और वापसी के दौरान यह हादसा हुआ।
एसडीआरएफ की टीम ने त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर खाई में गिरे दोनों लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मृत्यु हो चुकी थी। मृतकों की पहचान सौरभ त्रिखा (पुत्र सुभाष त्रिखा) और कार्तिक त्रिखा (पुत्र स्व. कैलाश त्रिखा) के रूप में हुई है। दोनों मृतक देहरादून के सेवक आश्रम रोड के निवासी थे।
घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल की मोर्चरी भेजा गया है।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।





