उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद स्थित पवित्र केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के बाद से लगातार कुछ ऐसे वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जो धाम की गरिमा और आस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं। कभी श्रद्धालुओं द्वारा लाइन तोड़ने की घटनाएं सामने आती हैं, तो कभी मंदिर परिसर में नारेबाजी और हुड़दंग की तस्वीरें वायरल होती हैं। अब ताजा मामले में एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें कुछ युवक मंदिर के पीछे डीजे बजाकर नाचते हुए नजर आ रहे हैं।
वीडियो वायरल होते ही पुलिस एक्शन में
सोशल मीडिया पर वीडियो के तेजी से वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रह्लाद कोंडे ने जानकारी देते हुए बताया कि वीडियो केदारनाथ मंदिर के ठीक पीछे का है, जिसमें कुछ लोग रात के समय डीजे पर डांस और शोरगुल करते हुए दिख रहे हैं। यह वीडियो 1 मई की रात का है, यानी उस समय का जब कपाट खुलने से ठीक एक दिन पहले धाम में विशेष तैयारियां चल रही थीं।

मामले में मुकदमा दर्ज, कार्रवाई तेज
बीकेटीसी (बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति) के प्रभारी अधिकारी गिरीश देवली ने इस संबंध में कोतवाली सोनप्रयाग में तहरीर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो के आधार पर संबंधित असामाजिक तत्वों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की आमजन से अपील
पुलिस अधीक्षक ने जनता से अपील करते हुए कहा कि यह वीडियो केदारनाथ धाम की पवित्रता और धार्मिक मर्यादा से जुड़ा है, इसलिए कृपया इसे सोशल मीडिया पर साझा न करें और ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों की सूचना प्रशासन को दें। धार्मिक स्थलों की गरिमा बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
यह भी पढें- बदरीनाथ से देहरादून जा रहे हेलिकॉप्टर की गोपेश्वर में इमरजेंसी लैंडिंग, वाहन खड़े होने से बदली जगह








