जम्मू-कश्मीर के डोडा और किश्तवाड़ में भारी बारिश और बादल फटने की घटना में चार लोगों की मौत हो गई है। 10 से अधिक घर तबाह हो गए हैं और जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने लोगों को बिना जरूरत घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है।
डोडा और किश्तवाड़ में नुकसान
डोडा में तेज बारिश और बादल फटने से सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। किश्तवाड़ में भी ऐसी ही स्थिति बनी हुई है। एनएच-244 पूरी तरह से बह गया है और एक प्राइवेट हेल्थ सेंटर को भी नुकसान हुआ है।
बाढ़ के अन्य हालात
भलेसा के चरवा इलाके में बाढ़ की सूचना मिली है, हालांकि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बताया कि उनके कार्यालय को लगातार अपडेट मिल रहा है।
ऊधमपुर में बाढ़ से लोग फंसे
ऊधमपुर जिले के बसंतगढ़ में ललोन गला और बग्गन नाले में बाढ़ आई। मवेशी चराने गए 8 लोग नाले में फंसे थे। पुलिस ने उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुँचाने के लिए बचाव कार्य शुरू कर दिया है।











