देहरादून में iPhone 17 के लॉन्च के साथ ही लोगों में इसे खरीदने का उत्साह देखते ही बन रहा है। शहर के बड़े एप्पल स्टोरों पर सुबह से ही ग्राहकों की लंबी कतारें लगी रही। कई लोगों ने फोन को तुरंत खरीद लिया, जबकि कुछ ने एडवांस बुकिंग कर ली ताकि बाद में परेशानी न हो। युवाओं से लेकर महिलाओं तक हर कोई iPhone 17 के नए फीचर्स, शानदार डिजाइन और हल्के वजन के लिए उत्साहित दिखाई दिया। सोशल मीडिया पर भी इसके चर्चे छाए हुए हैं।
प्री-बुकिंग और रंगों की पसंद
iPhone 17 की प्री-बुकिंग के लिए भी ग्राहक स्टोरों में पहुंचे। लोगों ने अपने पसंदीदा रंग और मॉडल का चुनाव किया। कुछ ग्राहकों ने अपने नए फोन की झलक सोशल मीडिया पर साझा की और दोस्तों व परिवार के साथ यह खुशी बाँटी।
एक ग्राहक ने कहा, “मैंने प्री-बुकिंग इसलिए कराई ताकि लॉच होने के तुरंत बाद फोन मिल जाए। नए फीचर्स और स्लिम डिजाइन को देखकर यह फोन सभी के लिए आकर्षक बन गया है।”
स्टोर में भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था
देहरादून में फिलहाल iPhone 17 केवल बड़े स्टोर पर उपलब्ध है। शुक्रवार दोपहर से ही ग्राहक विभिन्न स्टोर पर फोन के फीचर्स को देखने और खरीदारी करने पहुंचे।
क्रासमाल स्थित फ्यूचर वर्ल्ड स्टोर में भीड़ खासतौर पर देखने को मिली। स्टोर ने सुरक्षा के लिए गार्ड तैनात किए थे ताकि ग्राहकों को किसी तरह की परेशानी न हो। स्टोर मैनेजर जीत ने बताया कि iPhone 17 का हल्का वजन, स्लिम डिजाइन और आधुनिक तकनीक लोगों को बहुत पसंद आ रही है। उन्होंने कहा, “हमारे पास स्टॉक पर्याप्त है और पहले दिन ही ग्राहक काफी संख्या में फोन खरीद रहे हैं।”
दिलाराम बाजार चौक स्थित लवली कम्यूनिकेशन के संचालक ललित ने बताया कि फिलहाल iPhone 17 केवल बड़े स्टोर पर उपलब्ध है। आने वाले दिनों में अन्य स्टोर्स में भी इसकी बिक्री शुरू हो जाएगी।
ग्राहकों के अनुभव
ग्राहक भी लॉन्च के दिन की खरीदारी को लेकर उत्साहित नजर आए।
अभिषेक ने बताया, “iPhone 17 प्रो खरीदने के लिए आया था। आज यहां भीड़ देखकर अलग ही नजारा दिखा। कुछ लोग फोन के फीचर्स की जानकारी लेने के लिए भी आए थे। मुझे भी यहां आकर बहुत अच्छा लगा।”
एक अन्य ग्राहक ने कहा, “लॉन्च के बाद मैंने सोचा कि इसे आज ही खरीद लूं। मुझे आरेंज कलर चाहिए था, जो फिलहाल स्टॉक में नहीं था। इसलिए मैंने इसे ऑर्डर कर दिया और जब स्टॉक आएगा तो मुझे मिल जाएगा।”
सोशल मीडिया पर चर्चा
iPhone 17 लॉन्च होने के साथ ही सोशल मीडिया पर भी इसकी चर्चा तेज हो गई। लोग नए फीचर्स, कैमरा क्वालिटी, बैटरी और डिजाइन पर अपनी प्रतिक्रिया साझा कर रहे हैं। कुछ ने अपने फोन की पहली झलक वीडियो और फोटो के रूप में पोस्ट की, जिससे चर्चा और बढ़ गई।
iPhone 17 के फीचर्स और लोकप्रियता
iPhone 17 के स्लिम डिजाइन, हल्के वजन और नई तकनीक को ग्राहकों ने काफी सराहा है। नए मॉडल में अपडेटेड कैमरा, फास्ट प्रोसेसर और बेहतर बैटरी लाइफ है, जो इसे तकनीक प्रेमियों के लिए बेहद आकर्षक बनाता है।
स्टोर मैनेजर जीत ने बताया, “हमने फोन के नए फीचर्स के बारे में ग्राहकों को विस्तार से बताया। लोग इन नए फीचर्स के कारण इसे तुरंत खरीदने के लिए उत्सुक हैं।”
यह भी पढें- उत्तराखंड: CM धामी ने स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान की जल्द शुरुआत का ऐलान






