हरिद्वार जिले के लक्सर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। गुरुवार देर रात लक्सर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कुड़ी भगवानपुर गांव के पास रेलवे ट्रैक किनारे दो किशोरियां संदिग्ध अवस्था में बेहोशी की हालत में मिलीं। ग्रामीणों ने जब उन्हें देखा तो तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने एक किशोरी को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरी की हालत चिंताजनक बनी हुई है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
रायसी चौकी प्रभारी कमलकांत रतूड़ी ने जानकारी दी कि दोनों किशोरियां नजदीकी गांव की निवासी हैं। ये किशोरियां रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचीं और इनके साथ क्या हुआ, इसका अभी तक स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और कई पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, गुरुवार को गांव में एक शादी समारोह था जिसमें ये दोनों किशोरियां भी शामिल हुई थीं। लेकिन शाम के बाद से ही दोनों लापता थीं। देर रात जब वे ट्रैक किनारे बेहोश पड़ी मिलीं, तब जाकर मामले का खुलासा हुआ। पुलिस का कहना है कि दूसरी किशोरी के होश में आने के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।
फिलहाल यह मामला रहस्यमय बना हुआ है और पुलिस हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।









