गुरुवार रात पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ एक बड़ी सैन्य कार्रवाई की नाकाम कोशिश की। पाकिस्तानी सेना ने जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती इलाकों में मिसाइल और ड्रोन से हमला करने का प्रयास किया, जिसे भारतीय सशस्त्र बलों ने सतर्कता और दक्षता से विफल कर दिया।
न्यूज़ एजेंसी एएनआई के अनुसार, पाकिस्तान ने जम्मू क्षेत्र के सतवारी, सांबा, आरएस पुरा और अरनिया सेक्टर को निशाना बनाते हुए लगभग आठ मिसाइलें दागीं। भारतीय वायु रक्षा प्रणाली ने सक्रिय होते हुए सभी मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर दिया, जिससे कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।
इस हमले के प्रयास के बाद जम्मू संभाग के सीमावर्ती इलाकों, विशेषकर सांबा में पूर्ण ब्लैकआउट लागू कर दिया गया। सुरक्षा कारणों से पूरे क्षेत्र में सायरन बजाए गए और नागरिकों से घरों में ही रहने की अपील की गई।
हमले के दौरान रात करीब 9 बजे जम्मू क्षेत्र में जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई दीं। इसके तुरंत बाद बिजली गुल हो गई और पूरे इलाके में डर का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों द्वारा बनाए गए वीडियो में आसमान में चमकते हुए उजाले साफ़ देखे जा सकते हैं, जो भारतीय वायु रक्षा प्रणाली द्वारा मिसाइल और ड्रोनों को मार गिराए जाने का प्रमाण हैं।
पाकिस्तानी सेना ने नियंत्रण रेखा (LoC) और अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास आरएस पुरा, अरनिया, सांबा और हीरानगर जैसे क्षेत्रों में भीषण गोलाबारी की, जिसमें भारतीय सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रण में रखा।
पंजाब के सीमावर्ती जिलों फिरोजपुर और गुरदासपुर, साथ ही राजस्थान के पाकिस्तान से लगे कुछ इलाकों में भी एहतियातन ब्लैकआउट घोषित कर दिया गया है।
इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ का बयान: कोई नुकसान नहीं
हेडक्वार्टर इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि पाकिस्तान ने जम्मू, पठानकोट और उधमपुर के सैन्य ठिकानों को भी निशाना बनाने की कोशिश की, लेकिन भारतीय सशस्त्र बलों ने निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत गतिज और गैर-गतिज साधनों से खतरे को पूरी तरह बेअसर कर दिया। इस हमले में किसी प्रकार की क्षति नहीं हुई।
राजस्थान में भी ड्रोनों को हवा में ही नष्ट किया गया
राजस्थान के जैसलमेर क्षेत्र में भी पाकिस्तानी ड्रोन की घुसपैठ की कोशिश को नाकाम किया गया। भारतीय एयर डिफेंस ने कार्रवाई करते हुए ड्रोन को हवा में ही मार गिराया। घटना के बाद इलाके में तेज विस्फोट की आवाजें सुनी गईं और आसमान में रोशनी की लहरें देखी गईं, जो ड्रोन के नष्ट होने का संकेत थीं।
अमेरिकी विदेश सचिव ने भारत-पाक तनाव पर जताई चिंता
भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए अमेरिकी विदेश सचिव मार्को रुबियो ने भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर से बातचीत की। उन्होंने क्षेत्र में बढ़ रहे तनाव पर चिंता व्यक्त करते हुए तुरंत स्थिति को सामान्य करने और दोनों देशों के बीच संवाद को प्राथमिकता देने की अपील की।
पोखरण पर भी हमला विफल
पाकिस्तान की ओर से राजस्थान के पोखरण स्थित आर्मी स्टेशन को भी निशाना बनाया गया, लेकिन भारतीय सेना की एयर डिफेंस यूनिट ने इस प्रयास को पूरी तरह विफल कर दिया। क्षेत्र में जोरदार धमाके सुने गए, जो मिसाइल और ड्रोन को हवा में ही नष्ट किए जाने का परिणाम थे।
श्रीनगर – भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच बुधवार रात जम्मू-कश्मीर और पंजाब के कई हिस्सों में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया। पाकिस्तान की ओर से अचानक किए गए मिसाइल हमलों और ड्रोन हमलों के बाद जम्मू, पठानकोट, जालंधर, अमृतसर और राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में पूर्ण ब्लैकआउट कर दिया गया। भारतीय वायु रक्षा प्रणाली को सक्रिय करते हुए सभी मिसाइलों और ड्रोनों को हवा में ही नष्ट कर दिया गया।
पाकिस्तान की आठ मिसाइलें हवा में नष्ट, भारतीय एयर डिफेंस ने दिखाई ताकत
रक्षा सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान ने जम्मू क्षेत्र के सतवारी, सांबा, आरएस पुरा और अरनिया सेक्टरों में 8 मिसाइलें दागीं। भारतीय वायु रक्षा प्रणाली ने इन सभी मिसाइलों को आसमान में ही इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया। इसके साथ ही जम्मू क्षेत्र में उड़ रहे कई पाकिस्तानी ड्रोनों को भी गिरा दिया गया।
जम्मू में धमाकों से दहशत, हवाई हमले के सायरन और बिजली बंद
हमलों के बाद जम्मू शहर में जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गईं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया। तुरंत हवाई हमले की चेतावनी के सायरन बजाए गए और सुरक्षा के लिहाज़ से शहर की बिजली पूरी तरह बंद कर दी गई। अखनूर और कुपवाड़ा के तंगधार सेक्टर में भी सीमा पार से भारी गोलाबारी की सूचना है, जिसका भारतीय सेना मुंहतोड़ जवाब दे रही है।
पठानकोट एयरबेस पर भी हमला, ब्लैकआउट में बदल गया पंजाब
पाकिस्तान की ओर से पठानकोट एयरबेस को भी निशाना बनाया गया, हालांकि वहां भी भारतीय सुरक्षा बलों ने स्थिति को काबू में रखते हुए मिसाइलों को नाकाम किया। इस हमले के बाद पंजाब के कई जिलों में एहतियातन ब्लैकआउट कर दिया गया।
ऑपरेशन ‘सिंदूर’: भारत का जवाबी प्रहार
यह हमला भारत द्वारा शुरू किए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के ठीक एक दिन बाद हुआ है। भारत ने इस अभियान के तहत पाकिस्तान और POK में मौजूद नौ आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर तबाह कर दिया। यह कार्रवाई उन खुफिया सूचनाओं के आधार पर की गई, जिनमें इन ठिकानों के भारत विरोधी गतिविधियों में संलिप्त होने की पुष्टि हुई थी।
पूर्व DGP का बयान: “माता वैष्णो देवी और भारतीय सेना हमारे साथ”
जम्मू-कश्मीर के पूर्व पुलिस महानिदेशक शेष पॉल वैद ने सोशल मीडिया पर लोगों से संयम बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने लिखा, “जम्मू में पूरी तरह ब्लैकआउट है। धमाके और मिसाइल हमलों की आशंका है, लेकिन चिंता की बात नहीं – माता वैष्णो देवी और हमारी बहादुर भारतीय सेना हमारे साथ हैं।”
NDMC की एडवाइजरी: कोई वैकल्पिक बिजली सप्लाई न चलाएं
दिल्ली नगर निगम ने भी ब्लैकआउट को लेकर एक विशेष एडवाइजरी जारी की है, जिसमें कहा गया है कि सुरक्षा कारणों से किसी भी प्रकार की वैकल्पिक बिजली आपूर्ति, जैसे जेनरेटर आदि, को सक्रिय न किया जाए।











