भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए), देहरादून में आज भव्य पासिंग आउट परेड (पीओपी) का आयोजन किया जाएगा। इस ऐतिहासिक परेड के साथ भारतीय सेना को 491 युवा सैन्य अधिकारी प्राप्त होंगे। वहीं, कुल 525 ऑफिसर कैडेट्स प्रशिक्षण पूर्ण कर सेना की मुख्यधारा में शामिल होंगे। इनमें से 34 ऑफिसर कैडेट 14 मित्र देशों की सेनाओं में अपनी सेवाएं देंगे।
पीओपी समारोह के दौरान थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी रिव्यूइंग ऑफिसर की भूमिका निभाएंगे। वे परेड का निरीक्षण करेंगे और पास आउट हो रहे ऑफिसर कैडेट्स की सलामी ग्रहण करेंगे। परेड से पूर्व पिपिंग और शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन भी किया जाएगा, जो इस गौरवपूर्ण अवसर को और विशेष बनाएगा।
पासिंग आउट परेड के मद्देनज़र आईएमए और आसपास के क्षेत्रों में आज विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी। आईएमए क्षेत्र को जीरो जोन घोषित किया गया है और यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। पुलिस प्रशासन ने इसके लिए विस्तृत ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया है, जो शनिवार सुबह 5:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक प्रभावी रहेगा।
इस दौरान आईएमए की ओर किसी भी प्रकार का यातायात प्रतिबंधित रहेगा। बल्लूपुर से प्रेमनगर जाने वाले वाहनों को रांघडवाला तिराहे से मिठी बेरी होते हुए प्रेमनगर की ओर भेजा जाएगा। वहीं, प्रेमनगर से शहर की ओर आने वाले छोटे वाहनों को प्रेमनगर चौक से एमटी गेट के अंदर से होते हुए मीठी बेरी गेट और रांघडवाला के रास्ते शहर की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
सेलाकुई और भाऊवाला से आने वाले भारी वाहनों को धूलकोट तिराहे से सिंघनीवाला होते हुए नया गांव मार्ग से शहर में प्रवेश दिया जाएगा। इसके अलावा देहरादून से विकासनगर की ओर जाने वाले भारी वाहनों को शिमला बाईपास से मोड़कर विकासनगर-धर्मावाला मार्ग की ओर भेजा जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन का पालन करें और अनावश्यक रूप से आईएमए क्षेत्र की ओर जाने से बचें, ताकि पीओपी कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।











