नवरात्र में मिलावटी कुट्टू आटे से बचाव के लिए सरकार सतर्क
नवरात्र पर्व के दौरान कुट्टू के आटे से बनने वाले पकवानों की विशेष मांग रहती है। इस अवसर पर मिलावटी कुट्टू आटे से फूड प्वाइजनिंग की घटनाओं को रोकने के लिए उत्तराखंड सरकार पूरी तरह सतर्क हो गई है। अब कुट्टू का आटा केवल सीलबंद पैकेट में ही बिकेगा, जबकि बिना लाइसेंस या पंजीकरण वाले कारोबारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
खुला कुट्टू आटा बेचना प्रतिबंधित
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने एसओपी जारी की है। इसके तहत खुला कुट्टू आटा बेचना पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है। प्रत्येक पैकेट पर निर्माता का पूरा पता, लाइसेंस नंबर, निर्माण और समाप्ति तिथि लिखना अनिवार्य होगा। नियमों के उल्लंघन पर जुर्माना और लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई होगी।
चरणबद्ध निगरानी अभियान
त्योहार से पहले थोक विक्रेता, डिपार्टमेंटल स्टोर और फुटकर दुकानों की पहचान कर गुणवत्ता, पैकिंग व भंडारण की जांच शुरू की जा चुकी है। दुकानदारों को नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया जाएगा। नवरात्र के दौरान नियमित व आकस्मिक निरीक्षण भी किए जाएंगे।
ऑनलाइन बिक्री पर भी सख्त नजर
एफडीए ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर होने वाली कुट्टू आटे की आपूर्ति पर भी विशेष निगरानी शुरू कर दी है। सभी व्यापारियों को कुट्टू आटे की खरीद-बिक्री का लिखित रिकार्ड रखना अनिवार्य होगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
त्वरित कार्रवाई के लिए क्विक रिस्पांस टीम
हर जिले में क्विक रिस्पांस टीम गठित की गई है, जो नवरात्र के दौरान मिलावती कुट्टू आटे से बीमार होने की सूचना पर तुरंत सक्रिय होगी। खाद्य नमूनों की जांच प्राथमिकता के आधार पर कर रिपोर्ट समय पर उपलब्ध कराई जाएगी।
सरकार का सख्त रुख
अपर आयुक्त ताजबर सिंह जग्गी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के निर्देशन में उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए पूरी सतर्कता बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि मिलावती आटे के खिलाफ यह अभियान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि समन्वित, सख्त और प्रभावी निगरानी प्रक्रिया है। २४ घंटे अलर्ट मोड पर टीमें कार्यरत रहेंगी ताकि दोषियों पर शीघ्र दंडात्मक कार्रवाई की जा सके।
उपभोक्ताओं से भी आग्रह किया गया है कि संदिग्ध मिलावती कुट्टू आटे की बिक्री देखने पर तुरंत एफडीए को सूचित करें ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
यह भी पढें- मसूरी-चकराता मार्ग पर मलबा आने से यातायात पूरी तरह ठप, कई वाहन फंसे – यात्रा करने से पहले खबर जरूर पढ़ें






