हरिद्वार में बॉडीबिल्डर पर युवती ने लगाए सनसनीखेज आरोप, बीच सड़क पर किया हंगामा, वीडियो वायरल

हरिद्वार: शहर के भेल क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवती ने राष्ट्रीय स्तर के बॉडीबिल्डिंग चैंपियन पर गंभीर आरोप लगाते हुए सड़क पर हंगामा कर दिया। घटना भेल के मध्य मार्ग स्थित फाउंड्री गेट के पास की है, जहां एक कार से लड़की की चीख-पुकार सुनकर राहगीरों की भीड़ जुट गई। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कार का गेट खुलवाया।

कार के अंदर युवती को हरिद्वार के शिवालिक नगर निवासी बॉडीबिल्डर से झगड़ते हुए पाया गया। युवती ने आरोप लगाया कि आरोपी लंबे समय से उसका मानसिक और शारीरिक शोषण कर रहा है। जब उसने विरोध किया, तो उसके साथ मारपीट की गई और गला दबाने की कोशिश भी की गई।

घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में आरोपी बॉडीबिल्डर खुद पर लगे आरोपों से इनकार करता हुआ नजर आ रहा है।

पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने बताया कि मामला गंभीर है और हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी पुष्टि की कि आरोपी कई राष्ट्रीय बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिताओं में मेडल जीत चुका है और उसका शिवालिक नगर क्षेत्र में एक निजी जिम भी है।

फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की तहकीकात में जुटी हुई है।

यह भी पढें- Uttarakhand:राज्य सरकार देगी महिला मंगल दलों को स्वरोजगार की राह, चारधाम ड्यूटी में तैनात पीआरडी जवानों को मिलेंगी सुविधाएं

Leave a Comment