दशहरे को लेकर देहरादून पुलिस हाई अलर्ट पर है। शहर के विभिन्न हिस्सों में रावण दहन के आयोजन किए जा रहे हैं, जिनमें परेड ग्राउंड का मुख्य कार्यक्रम सबसे खास रहेगा। यहां 121 फीट ऊंचा रावण का पुतला तैयार किया गया है। हालांकि इस बार रावण का पुतला लंबा जरूर है लेकिन पहले के मुकाबले पतला दिख रहा है। लोग कह रहे हैं कि पुतले में रावण का वही दमदार अंदाज नजर नहीं आ रहा। वहीं, बगल में बनाए गए कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले लोगों को ज्यादा आकर्षित कर रहे हैं।
परेड ग्राउंड में हर साल सबसे विशाल रावण के पुतले का दहन होता है। इस बार रावण की मूंछों पर ताव तो है लेकिन चेहरे की रौनक और अहंकार गायब दिख रहा है। इसके विपरीत कुंभकर्ण का पुतला ज्यादा प्रभावशाली नजर आ रहा है, जो दर्शकों को खींच रहा है। पुतला बनाने वालों का कहना है कि लंबाई बढ़ने के कारण उसे भारी बनाना जोखिम भरा हो सकता था, इसलिए इसे हल्का रखा गया।
इधर, लक्ष्मण चौक वैलफेयर सोसाइटी की ओर से हिंदू नेशनल इंटर कॉलेज में दशहरा मेले का भव्य आयोजन होगा। यहां 60 फीट ऊंचे रावण के पुतले के साथ मेघनाद, कुंभकर्ण और लंका दहन भी होगा। खास बात यह है कि रावण के पुतले को एलईडी लाइट्स से सजाया गया है। दहन से पहले पुतला तलवार भी चलाएगा और उसकी आंखें टिमटिमाएंगी। इसके अलावा आतिशबाजी का शानदार प्रदर्शन भी देखने को मिलेगा।
इस आयोजन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्यसभा सांसद नरेश बंसल भी शामिल होंगे। रावण के पुतले को जोधपुरी अचकन और सिल्क की धोती पहनाई गई है। कार्यक्रम में कलाकार रंगारंग प्रस्तुतियां देकर माहौल को और जीवंत बनाएंगे।





