देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में जिला प्रशासन ने करोड़ों रुपये के बकायेदारों पर शिकंजा कस दिया है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर तहसील सदर क्षेत्र में राजस्व विभाग की टीम ने तीन बड़े बकायेदारों की संपत्तियों को कुर्क कर सील कर दिया। कार्रवाई का नेतृत्व एसडीएम (न्याय) कुमकुम जोशी ने किया।
जानकारी के अनुसार, पहले बिल्डर पर लगभग 3.41 करोड़ रुपये की जीएसटी वसूली लंबित थी। इस पर कार्रवाई करते हुए राजपुर रोड स्थित विसप्रिंग विला में उसका 4 बीएचके फ्लैट सील कर दिया गया। वहीं, दूसरे बकायेदार पर करीब 33.83 लाख रुपये और 10 प्रतिशत संग्रह व्यय बकाया था, जिसके चलते प्रशासन ने उसका कार्यालय कुर्क कर सील कर दिया। इसी तरह, तीसरे बकायेदार पर 20.10 लाख रुपये की जीएसटी और अन्य देनदारियां लंबित थीं, जिसके चलते कृष्णा होम, राजपुर रोड स्थित फ्लैट को सील किया गया।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि जिले के सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में बड़े बकायेदारों से राजस्व वसूली के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि राजस्व की वसूली न होने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि बकाया राशि की वसूली सुनिश्चित की जा सके।
इस कार्रवाई से जिले के अन्य बकायेदारों में भी हड़कंप मचा हुआ है और प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राजस्व वसूली में लापरवाही या टालमटोल किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।






