थराली: अशोक चक्र विजेता शहीद भवानी दत्त जोशी की स्मृति में आयोजित होने वाले शौर्य महोत्सव की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। महोत्सव की सफलता के लिए बुधवार को शहीद भवानी दत्त जोशी स्मृति इंटर कॉलेज चेपड़ो के प्रांगण में सार्वजनिक हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया।
गांव के सैकड़ों ग्रामीणों ने इस आयोजन में भाग लेते हुए विधिपूर्वक हवन कुंड में आहुतियां अर्पित कीं। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंडित जगमोहन मिश्रा की अगुवाई में हुए इस धार्मिक अनुष्ठान में शांति, सफलता और समृद्ध आयोजन की कामना की गई।
इस मौके पर आयोजन समिति के संरक्षक कर्नल ईश्वर फर्स्वाण, अध्यक्ष वीरू जोशी, संयोजक दिगपाल सिंह गड़िया और मेला व्यवस्थापक देवी जोशी ने बताया कि तीन दिवसीय यह महोत्सव 6 जून से शुरू होगा, जिसकी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है।
शौर्य महोत्सव का विस्तृत कार्यक्रम:
- 6 जून को शुभारंभ के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू होगा। इस दिन लोकगायक ललित मोहन जोशी, मृणाल रतूड़ी, संगीता ढौंडियाल, सचिन भारद्वाज और विकास उनियाल अपनी टीमों के साथ मंच पर प्रस्तुति देंगे।
- 7 जून को दिन में लोक गायिका अंजलि खरे, अमित खरे, दिनेश नेगी, गबरू भाई, तथा रात्रि को माया उपाध्यक्ष, हेमा नेगी करासी, सौरभ मैठाणी और गजेन्द्र राणा दर्शकों को लोकगीतों से भावविभोर करेंगे।
- 8 जून, यानी समापन दिवस पर क्षेत्रीय कलाकारों को मंच सौंपा जाएगा और प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा।
महोत्सव के संयोजक और स्मृति इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य दिगपाल सिंह गड़िया ने बताया कि उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के शामिल होने की संभावना है। भले ही अब तक सीएम का आधिकारिक प्रोटोकॉल नहीं पहुंचा हो, लेकिन जिला प्रशासन इस संभावित दौरे को लेकर पूरी तरह सक्रिय है।
प्रशासन मुस्तैद, सीएम की संभावित उपस्थिति को लेकर गहन निगरानी
थराली के उपजिलाधिकारी पंकज भट्ट, तहसीलदार अक्षय पंकज, और थानाध्यक्ष पंकज कुमार दिनभर आयोजन स्थल और हेलीपैड की रेकी करते देखे गए। इससे स्पष्ट है कि मुख्यमंत्री की उपस्थिति को लेकर प्रशासन पूरी तरह सजग और गंभीर है।
ग्रामीणों में इस बात को लेकर खासा उत्साह है कि यह महोत्सव न केवल शहीद को सच्ची श्रद्धांजलि देगा, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को भी नई पहचान दिलाएगा।





