टिहरी जिले में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें एक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गिर गई और एक मकान की छत पर जा गिरी। यह हादसा टिहरी-श्रीनगर मोटर मार्ग पर पौखाल स्यालकुंड के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार, उड़ीसा से श्रद्धालुओं का एक दल बदरीनाथ धाम की यात्रा पर था। यात्रा के दौरान वे भोजन के लिए एक होटल के पास रुके थे। सभी यात्री खाना खाने के लिए नीचे उतर गए थे, जबकि उस समय केवल तीन यात्री ही बस में मौजूद थे। उसी दौरान बस चालक वाहन को साइड में खड़ा कर रहा था कि अचानक बस अनियंत्रित हो गई और करीब 10 मीटर नीचे बलवीर सिंह नामक व्यक्ति के मकान की छत पर जा गिरी।
हादसे में बस में मौजूद तीनों यात्री घायल हो गए। घायलों की पहचान कैलाश चन्द्र शाहू, अनिल शर्मा और पोरी गीता शाहू के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत एंबुलेंस बुलाई गई और घायलों को 108 सेवा के जरिए श्रीनगर अस्पताल पहुंचाया गया।
फिलहाल प्रशासन मौके पर पहुंचकर घटना की जांच में जुटा हुआ है। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई, वरना एक बड़ा नुकसान हो सकता था।
यह भी पढें- उत्तराखंड का वित्तीय प्रबंधन सराहनीय: वित्त आयोग की विशेष टिप्पणी






