देहरादून के नवादा क्षेत्र में जिला प्रशासन ने वन विभाग और पुलिस के सहयोग से सरकारी भूमि पर बने अवैध मजार को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई स्थानीय शिकायतों के बाद की गई थी। प्रशासन ने मजार के संरक्षकों को पहले नोटिस भी जारी किया था।
बुधवार को नगर मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह और उप जिलाधिकारी सदर हरगिरि के नेतृत्व में टीम नवादा के जंगल में पहुंची और जेसीबी की मदद से अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। प्रशासन को सूचना मिली थी कि नवादा क्षेत्र के जंगल में सरकारी भूमि पर मजार का निर्माण अवैध तरीके से किया गया है। इस मामले पर स्थानीय लोग, संगठन और यहां तक कि विद्यालय प्रशासन ने भी आपत्ति जताई थी।
कार्रवाई के दौरान वन विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था के लिए मौजूद रहे। पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर प्रशासन ने अवैध निर्माण हटाने की प्रक्रिया को सुरक्षित तरीके से पूरा किया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस तरह की कार्रवाई भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी।
यह भी पढें- देहरादून :कब्जा करने से रोका तो जमीन मालिक पर फावड़े से हमला, छह आरोपित मुकदमे में नामजद*







