13 जनवरी, मंगलवार को कमोडिटी बाजार में चांदी ने निवेशकों को चौंका दिया। एमसीएक्स पर चांदी ने एक बार फिर नया इतिहास रचते हुए अपने अब तक के सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए। सुबह करीब 10 बजे 1 किलो चांदी की कीमत ₹2.70 लाख के स्तर को पार कर गई। चांदी में आज ₹2000 प्रति किलो से ज्यादा की जोरदार तेजी देखने को मिली है।
वहीं, सोने की कीमतों में भी बढ़त दर्ज की गई, लेकिन यह तेजी चांदी के मुकाबले काफी सीमित रही। इस दौरान 10 ग्राम सोने के भाव में करीब ₹100 की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
MCX Silver Price Today: चांदी ने बनाए नए रिकॉर्ड
सुबह 10 बजे के आसपास एमसीएक्स पर चांदी की कीमत में ₹2229 प्रति किलो की जबरदस्त तेजी देखने को मिली। इस तेजी के साथ 1 किलो चांदी का भाव ₹2,71,199 तक पहुंच गया।
आज के कारोबार में चांदी ने ₹2,68,497 प्रति किलो का लो लेवल और ₹2,72,202 प्रति किलो का हाई लेवल छू लिया है, जो अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है।
Gold Price Today: सोने में भी तेजी, लेकिन रफ्तार धीमी
सोने की बात करें तो एमसीएक्स पर सुबह 10 बजे के आसपास 10 ग्राम सोने का भाव ₹1,42,142 पर कारोबार करता नजर आया। इसमें ₹110 प्रति 10 ग्राम की बढ़त दर्ज की गई।
हालांकि सोने की यह तेजी चांदी के मुकाबले काफी मामूली रही। सोने ने आज ₹1,41,660 का न्यूनतम स्तर और ₹1,42,206 का उच्चतम स्तर छुआ।
निवेशक असमंजस में: सोना खरीदें या चांदी?
सोने और चांदी दोनों में आई जोरदार तेजी के बाद निवेशकों के मन में सवाल उठ रहा है कि आखिर किस धातु में निवेश करना ज्यादा फायदेमंद रहेगा। इसी को लेकर कमोडिटी एक्सपर्ट अजय केडिया से बातचीत की गई।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट अजय केडिया?
कमोडिटी रिसर्च फर्म केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया के मुताबिक, साल 2025 में अब तक सोने की कीमतों में करीब 80% की बढ़त देखने को मिली है, जबकि चांदी में 180% तक का उछाल आ चुका है।
उनका कहना है कि इतनी तेज तेजी के बाद बाजार में प्रॉफिट बुकिंग होना स्वाभाविक है। टेक्निकल तौर पर देखें तो फिलहाल सोना और चांदी दोनों ही ओवरबॉय जोन में नजर आ रहे हैं।
लॉन्ग टर्म निवेश के लिए क्या सही रहेगा?
अजय केडिया के अनुसार, अगर कोई निवेशक 3 से 4 साल के नजरिए से निवेश करना चाहता है, तो चांदी में निवेश बेहतर साबित हो सकता है। मौजूदा समय में सोने की तुलना में चांदी में ज्यादा रिटर्न की संभावना दिखाई दे रही है।
हालांकि उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि चांदी की कीमतों में निकट भविष्य में करेक्शन देखने को मिल सकता है।
शॉर्ट टर्म निवेशकों के लिए क्या सलाह?
अगर आप सिर्फ 2 से 4 महीने के लिए निवेश की योजना बना रहे हैं, तो फिलहाल बाजार से दूरी बनाना ही बेहतर रहेगा। इस समय बाजार में काफी उतार-चढ़ाव बना हुआ है, जिससे जोखिम बढ़ सकता है।
Lump Sum नहीं, SIP में करें निवेश
अजय केडिया ने निवेशकों को सलाह दी है कि मौजूदा हालात में एकमुश्त निवेश करने से बचें। इसके बजाय SIP यानी किस्तों में निवेश करना ज्यादा सुरक्षित और समझदारी भरा विकल्प हो सकता है।
उन्होंने कहा कि फिलहाल बाजार में बढ़-चढ़कर निवेश करने के बजाय सतर्कता बरतना जरूरी है।
Silver Price Hike: चांदी ने रचा इतिहास, ₹2.70 लाख के पार पहुंची कीमत; आगे कितना महंगी होगी?
On: January 13, 2026 5:31 AM











