देहरादून के जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर गुरुवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे हवाई यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। डोईवाला क्षेत्र में कोहरे की वजह से दृश्यता बेहद कम हो गई, जिसके चलते सुबह निर्धारित समय तक एक भी फ्लाइट एयरपोर्ट पर नहीं पहुंच सकी। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा और एयरपोर्ट पर इंतजार का माहौल बना रहा।
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 10 बजे तक सुबह आने वाली कोई भी फ्लाइट देहरादून नहीं पहुंच पाई। भुवनेश्वर, जयपुर और दिल्ली से आने वाली सभी सुबह की उड़ानों के देरी से पहुंचने की संभावना जताई गई है। खराब दृश्यता के कारण पायलटों को लैंडिंग में दिक्कत आई, जिससे उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ।
इससे पहले बुधवार को भी देहरादून एयरपोर्ट पर उड़ानों की समयसारिणी गड़बड़ा गई थी। दिल्ली, मुंबई और जयपुर से आने वाली कुल पांच उड़ानें अपने तय समय से देरी से एयरपोर्ट पहुंचीं। ये सभी उड़ानें इंडिगो एयरलाइंस की बताई जा रही हैं।
एयरपोर्ट प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, इंडिगो की दिल्ली से सुबह 9 बजे आने वाली फ्लाइट देहरादून 9:41 बजे पहुंची। वहीं दिल्ली से दोपहर 3:20 बजे आने वाली उड़ान 4:32 बजे और शाम 5:55 बजे की फ्लाइट 6:34 बजे एयरपोर्ट पर उतर सकी।
इसके अलावा इंडिगो की मुंबई से शाम 6:20 बजे आने वाली फ्लाइट 6:59 बजे और जयपुर से शाम 6:30 बजे आने वाली फ्लाइट 6:54 बजे देहरादून पहुंची। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी कोहरे की स्थिति बने रहने की चेतावनी दी है, जिससे हवाई यात्रियों की परेशानी और बढ़ सकती है।
एयरपोर्ट प्रशासन यात्रियों से अपील कर रहा है कि यात्रा से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें।






