अल्मोड़ा बागेश्वर चमोली चम्पावत देहरादून हरिद्वार नैनीताल पौड़ी गढ़वाल पिथौरागढ़ रुद्रप्रयाग टिहरी गढ़वाल उधम सिंह नगर उत्तरकाशी

Dehradun: स्कूल के गड्ढे भरते दिखे मासूम बच्चे, वीडियो वायरल होने पर प्रधानाध्यापिका निलंबित

On: October 7, 2025 6:27 AM
Follow Us:

देहरादून के बंजारावाला क्षेत्र स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय टी-स्टेट का एक वीडियो सोमवार दोपहर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में स्कूल के बच्चे सड़क से तसलों में बजरी भरकर स्कूल परिसर तक ले जाते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि विद्यालय परिसर में बने गड्ढों को भरने के लिए बच्चों ने खुद ही मजदूरों की तरह काम करना शुरू कर दिया था।

वीडियो में लगभग आठ बच्चे बजरी से भरे तसले सिर पर रखकर स्कूल की ओर जाते हुए दिखे। यह दृश्य देखकर सोशल मीडिया पर लोगों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी और शिक्षा विभाग पर लापरवाही के आरोप लगाए। मामला सामने आने के बाद विभाग ने तत्परता दिखाते हुए प्रधानाध्यापिका अंजू मेनादुली को निलंबित कर दिया है।

जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) प्रेमलाल भारती ने बताया कि प्रधानाध्यापिका पर निःशुल्क शिक्षा का अधिकार अधिनियम-2009 और महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की धारा-13 का उल्लंघन करने का आरोप है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच का जिम्मा खंड शिक्षा अधिकारी रायपुर प्रेमलता गौड़ को सौंपा गया है। भारती ने कहा कि किसी भी विद्यालय में बच्चों से इस प्रकार का कार्य कराया जाना अस्वीकार्य है और ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इधर, वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा सचिव रविनाथ रमन ने भी मामले का संज्ञान लिया और विभाग को तत्काल जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही चमोली जिले के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय जूनीधार में एक शिक्षक द्वारा अपनी कार छात्रों से धुलवाने का वीडियो सामने आया था। उस मामले में भी विभाग ने कार्रवाई करते हुए शिक्षक घनश्याम तिवाड़ी को निलंबित कर दिया था।

वहीं, बंजारावाला विद्यालय की निलंबित प्रधानाध्यापिका अंजू मेनादुली ने सफाई देते हुए कहा कि विद्यालय में करीब 200 बच्चे हैं और सोमवार को दो शिक्षक अवकाश पर थे। “डाक का कार्य होने के कारण कुछ समय के लिए बच्चों की निगरानी नहीं हो पाई। इसी बीच कुछ छात्र स्वयं ही गड्ढों में बजरी डालने चले गए। जब मुझे जानकारी मिली, तो मैंने उन्हें तुरंत वापस बुला लिया,” उन्होंने कहा। प्रधानाध्यापिका के अनुसार, तसले और फावड़े पास में काम कर रहे मजदूरों से बच्चों ने खुद ले लिए थे।

शिक्षा विभाग ने कहा है कि इस पूरे मामले की विस्तृत जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें – उत्तराखंड में फिर चमकेंगे पर्वतीय मार्ग, लगेंगे नए संकेतक, रिफ्लेक्टर और सुरक्षा बैरियर

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment