देहरादून। शारदीय नवरात्र का पावन पर्व आज से आरंभ हो गया है। आश्विन मास की प्रतिपदा तिथि से प्रारंभ होने वाले इन नौ दिवसीय महापर्व का हिंदू समाज में विशेष महत्व है। इस बार नवरात्र 22 सितंबर, सोमवार से प्रारंभ हुए हैं। मान्यता है कि इस वर्ष मां दुर्गा का आगमन हाथी पर हो रहा है, जो सुख-समृद्धि, राष्ट्र उन्नति और जनकल्याण का प्रतीक माना जाता है।
नवरात्र के प्रथम दिवस की अधिष्ठात्री देवी मां शैलपुत्री की आराधना के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने शासकीय आवास पर पूर्ण विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं राज्य की निरंतर उन्नति के लिए मां से प्रार्थना की।
ज्योतिषाचार्यों के अनुसार इस बार प्रतिपदा तिथि पर उत्तराफाल्गुनी और हस्त नक्षत्र का संयोग बना है, जिसे अत्यंत शुभ माना जा रहा है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि इस विशेष योग में मां की पूजा करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और जीवन में समृद्धि का संचार होता है।
शारदीय नवरात्र का यह आरंभ न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का भी प्रतीक है।






