विकासनगर: कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मौजा ढकरानी में जमीन पर कब्जा करने से रोकना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। कब्जा करने पहुंचे छह लोगों ने जमीन मालिक पर फावड़े, कुदाल और रोड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चौकी हरबर्टपुर क्षेत्र निवासी नसीम पुत्र वहीद खान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके नाम पर मौजा ढकरानी में 0.0112 हेक्टेयर भूमि दर्ज है। इस जमीन का सौदा उसने अफजल नामक व्यक्ति से किया था, लेकिन अफजल ने तय रकम अदा नहीं की। भुगतान न होने के कारण उसने कब्जा अफजल को नहीं सौंपा।
मंगलवार शाम करीब साढ़े चार बजे अफजल अपनी मां अनिशा, साथ ही शहजाद, मोहम्मद इकबाल और एक अन्य व्यक्ति को लेकर उक्त भूमि पर पहुंचा। आरोपितों के पास रोड, फावड़ा और कुदाल जैसे हथियार थे। जमीन पर पहुंचकर वे खुदाई कर भूमि को नुकसान पहुंचाने लगे।
नसीम ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो सभी ने मिलकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया। फावड़े से सिर पर वार करने से उसका सिर फट गया। आरोपितों ने उस पर कई बार वार किए और मोबाइल फोन भी छीन लिया। शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हमलावर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले।
घायल नसीम का उपचार उप जिला चिकित्सालय विकासनगर में कराया गया। पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर में आशंका जताई कि आरोपित कभी भी उसकी जान ले सकते हैं।
कोतवाल विनोद सिंह गुसाईं ने बताया कि अफजल, उसकी मां अनिशा सहित कुल छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है।
यह भी पढें- रामनगर: कॉर्बेट पार्क में फिर से शुरू हो सकती है फुल डे सफारी, पर्यटकों में बढ़ी उम्मीदें








