Uttarakhand Weather: देहरादून प्रेमनगर में नदी की तेज धार में फंसे तीन लोगों को SDRF ने सुरक्षित निकाला, कई सड़कें जलमग्न

उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। राजधानी देहरादून समेत कई जिलों में हालात बिगड़ते जा रहे हैं। इसी बीच देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र के ठाकुरपुर के पास तीन लोग अचानक नदी की तेज धार में फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट सहस्त्रधारा से उप-निरीक्षक राजबर सिंह राणा के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम मौके के लिए तुरंत रवाना हुई।

रेस्क्यू टीम ने तेज बहाव और चुनौतीपूर्ण हालात के बीच साहस और सूझबूझ से कार्य करते हुए तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। SDRF की त्वरित कार्रवाई से बड़ी अनहोनी टल गई।

प्रदेश में बारिश का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। देहरादून के रिस्पना पुल के समीप भारी जलभराव के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की फ्लीट भी गुजरी, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। वहीं, सुबह शहीद स्मारक परिसर में तेज बारिश के चलते एक विशाल पेड़ गिर गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई।

बदरीनाथ हाईवे पर मलबा, जेसीबी से हटाया गया, यातायात फिलहाल सुचारु

इधर, पर्वतीय क्षेत्रों में भी बारिश ने कहर बरपाया है। बदरीनाथ हाईवे पर जगह-जगह मलबा आने से सड़कें बाधित हो रही हैं। खासकर पागल नाला क्षेत्र में भारी भूस्खलन के चलते मलबा हाईवे पर आ गया। प्रशासन ने स्थिति को संभालते हुए मौके पर जेसीबी और पोकलैंड मशीनें तैनात कर मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया है। फिलहाल हाईवे पर यातायात सुचारु रूप से जारी है, लेकिन खतरा अभी टला नहीं है।

राज्य सरकार ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।

यह भी पढें- रेलवे ने तकनीकी खामी के चलते दिल्ली से कोटद्वार आने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस को किया रद्द

Leave a Comment