उत्तराखंड के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने देहरादून के राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में राज्य के पहले ऑर्गन बैंक की स्थापना के निर्देश दिए हैं। यह निर्णय मंत्री डॉ. रावत की अध्यक्षता में यमुना कॉलोनी स्थित आवास पर आयोजित चिकित्सा शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में लिया गया। इस पहल से अंगदान को प्रोत्साहन मिलेगा और उत्तराखंड इस क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर होगा।
सोटो की स्थापना की तैयारी अंतिम चरण में
बैठक में विभागीय अधिकारियों ने स्टेट ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गेनाइजेशन (SOTO) की स्थापना को लेकर विस्तार से जानकारी दी। मंत्री ने बताया कि इस कार्य को गति देने के लिए दून मेडिकल कॉलेज में एनेस्थीसिया विभाग के अध्यक्ष डॉ. अतुल कुमार को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वे NOTTO (नेशनल ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गेनाइजेशन) और ROTTO (रीजनल ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गेनाइजेशन) के साथ समन्वय कर सोटो की स्थापना को मूर्त रूप देंगे।
डॉ. रावत ने कहा कि अंगदान और देहदान को लेकर समाज में जागरूकता फैलाना आवश्यक है। इसके लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। नागरिक दून मेडिकल कॉलेज जाकर या सोटो की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे।
मिल्क बैंक से नवजातों को मिलेगा पोषण
समीक्षा बैठक में यह भी तय किया गया कि दून मेडिकल कॉलेज में जल्द ही मिल्क बैंक की भी स्थापना की जाएगी। मंत्री ने कहा कि कई बार नवजात बच्चों को मां का दूध नहीं मिल पाता, ऐसे में मिल्क बैंक उनके लिए जीवनदायिनी साबित हो सकता है। इस कदम से शिशु मृत्यु दर में कमी लाने और नवजातों के पोषण स्तर को सुधारने में मदद मिलेगी।
मेडिकल छात्रों और मरीजों को मिलेगा फायदा
मंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि दून मेडिकल कॉलेज को एक नवाचार आधारित मॉडल सेंटर के रूप में विकसित किया जाए। छात्रों को ई-लाइब्रेरी और डिजिटल लॉकर के माध्यम से प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा कॉलेज में जल्द रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने सभी फैकल्टी सदस्यों से आग्रह किया कि वे एक-एक टीबी मरीज को गोड लें, ताकि उनकी बेहतर निगरानी की जा सके और टीबी नियंत्रण में प्रभावी कदम उठाए जा सकें। साथ ही, कॉलेज में आने वाले मरीजों को उन्नत चिकित्सा सेवाएं देने पर भी बल दिया गया।
बैठक में शामिल रहे कई वरिष्ठ अधिकारी
इस समीक्षा बैठक में चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. आशुतोष सयाना, अपर निदेशक डॉ. आर.एस. बिष्ट, दून मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. गीता जैन और सोटो के नोडल अधिकारी डॉ. अतुल कुमार समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।





