अल्मोड़ा बागेश्वर चमोली चम्पावत देहरादून हरिद्वार नैनीताल पौड़ी गढ़वाल पिथौरागढ़ रुद्रप्रयाग टिहरी गढ़वाल उधम सिंह नगर उत्तरकाशी

Haldwani: कार सवार युवकों पर ताबड़तोड़ हमला, एक को लगी गोली, दो के सिर ईंट से फोड़े; गाड़ी भी तोड़ी, हालत गंभीर

On: June 24, 2025 6:35 AM
Follow Us:

हल्द्वानी में सोमवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। टीपीनगर पुलिस चौकी क्षेत्र के बिड़ला स्कूल के पास करीब 20 से ज्यादा युवकों ने कार में सवार युवकों पर अचानक हमला बोल दिया। जैसे ही कार रुकी, हमलावरों ने एक युवक को गोली मार दी, जबकि दो अन्य पर ईंटों और डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमलावरों ने कार को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) पहुंचाया गया, जहां एक युवक की हालत गंभीर होने के चलते उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुट गई है और शुरुआती जांच में घटना का कारण आपसी रंजिश बताया जा रहा है।

बाइक सवारों ने रोकी कार, फिर पीछे से आए 20 से अधिक हमलावर

घटना रात करीब आठ बजे की है। चांदनी चौक घुड़दौड़ा निवासी हरीश मेहरा, भाष्कर बोरा, गणेश दरम्वाल और पंचायतघर निवासी नीरज भगत कार से छड़ायल होते हुए मुखानी की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे बिड़ला स्कूल के पास पहुंचे, अचानक दो बाइक सवार युवकों ने उनकी कार को रोक लिया। कार के रुकते ही वहां छिपे 20-25 अन्य युवक भी निकल आए और चारों युवकों पर हमला कर दिया।

हमले के दौरान नीरज भगत किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल रहा, लेकिन हरीश, भाष्कर और गणेश को हमलावरों ने घेरकर पीटा। हमलावरों ने तीन राउंड फायरिंग की, जिनमें से दो गोलियां भाष्कर बोरा को लगीं—एक कमर में और दूसरी पैर में। ईंट से किए हमले में हरीश और गणेश घायल हो गए। हमलावरों ने कार के शीशे, खिड़कियां और दरवाजे भी तोड़ दिए।

अस्पताल में भीड़, पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा

वारदात के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस तीनों घायलों को तत्काल एसटीएच ले गई। वहां पहले से ही मौजूद घायलों के परिजनों और दोस्तों की भीड़ बढ़ने लगी, जिसके बाद अस्पताल में सुरक्षा बढ़ा दी गई। गंभीर रूप से घायल भाष्कर को नैनीताल रोड स्थित एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया।

हिस्ट्रीशीटर पर शक, पुलिस ने दबिश दी

पीड़ितों के साथियों ने बताया कि हमलावरों में एक युवक हिस्ट्रीशीटर है, जिस पर पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इस आधार पर जांच शुरू की और कुछ नाम चिन्हित किए हैं। कोतवाल राजेश कुमार यादव के नेतृत्व में टीमों ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

पुलिस की कार्रवाई जारी, तहरीर का इंतजार

फिलहाल इस मामले में कोई लिखित तहरीर पुलिस को नहीं मिली है, लेकिन घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि यह हमला पुरानी रंजिश का नतीजा हो सकता है और सभी संदिग्धों की कुंडली खंगाली जा रही है।

यह वारदात हल्द्वानी में आपराधिक घटनाओं की बढ़ती प्रवृत्ति को दर्शाती है, जिस पर अब पुलिस की सख्त नजर है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment