देहरादून। आबकारी विभाग ने अवैध शराब के विरुद्ध राज्यभर में छेड़े गए विशेष अभियान के तहत रविवार की शाम देहरादून में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। विभाग की मसूरी टीम ने राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरुकुल रोड पर स्थित लहासा तिब्बत किचन भोजनालय में छापेमारी कर वहां अवैध रूप से परोसी जा रही शराब को जब्त किया। यह रेस्टोरेंट बिना लाइसेंस के ग्राहकों को महंगी विदेशी शराब परोस रहा था।
छापे के दौरान टीम को वहां बड़ी संख्या में ग्राहक शराब पीते हुए मिले। मौके से बैलेंटाइंस, जेमसन, ओकन व्हिस्की, रणथंभौर जैसे महंगे ब्रांड की शराब की कई बोतलें बरामद की गईं। इसके अलावा बीयर के खाली डिब्बे भी मिले, जिनमें बुओ बियर, कार्ल्सबर्ग एलीफेंट, किंगफिशर अल्ट्रामैक्स और रियो गोल्ड जैसे नाम शामिल हैं।
आबकारी विभाग ने मौके पर मौजूद रेस्टोरेंट संचालक सचिन सिंह, निवासी सरनोल के खिलाफ उत्तराखंड आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है।
लंबे समय से मिल रही थीं शिकायतें
विभाग को काफी समय से सूचना मिल रही थी कि पुरुकुल क्षेत्र में कुछ रेस्टोरेंट बिना लाइसेंस के शराब परोस रहे हैं। इन शिकायतों की पुष्टि के बाद विभाग की मसूरी टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि यह अवैध धंधा कब से चल रहा था और इसमें और कौन-कौन लोग संलिप्त हैं।
इस कार्रवाई में आबकारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार जोशी, उप निरीक्षक शोभन सिंह रावत, नौशाद अली और भीम प्रसाद शामिल रहे।
प्रदेशभर में चला विशेष चेकिंग अभियान
रविवार को सिर्फ देहरादून ही नहीं, बल्कि राज्य के अन्य जनपदों — हरिद्वार, चंपावत, बागेश्वर और ऊधमसिंहनगर में भी आबकारी विभाग की टीमों ने अलग-अलग चेकपोस्टों पर सघन जांच अभियान चलाया।
ऋषिकेश के गुमानीवाला (मनसा देवी क्षेत्र) में विभाग की टीम ने 48 पाउच अवैध देसी शराब जब्त की और स्थानीय निवासी भजन सिंह को मौके से गिरफ्तार कर लिया। इस अभियान में आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट, उप निरीक्षक उमराव सिंह व अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
जनता से सहयोग की अपील
आबकारी विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अवैध शराब से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी विभाग को दें, ताकि इस तरह के गैरकानूनी कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। विभाग ने आश्वासन दिया है कि शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और हर सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े – उत्तराखंड पंचायत चुनाव पर ब्रेक: हाईकोर्ट ने आरक्षण की अस्पष्टता पर लगाई रोक








