सप्ताह की शुरुआत में तेजी दिखाने के बाद घरेलू शेयर बाजार ने मंगलवार को गिरावट का रुख अख्तियार किया। सेंसेक्स 460 अंक लुढ़ककर 81,716.07 पर और निफ्टी 162 अंक टूटकर 24,839.10 पर खुला। कुछ ही देर में गिरावट और गहराई और सेंसेक्स 627.86 अंक गिरकर 81,548.59 तक पहुंच गया, जबकि निफ्टी भी 178 अंक गिरकर 24,807.95 पर आ गया। रुपये में भी कमजोरी देखी गई, जो डॉलर के मुकाबले 7 पैसे गिरकर 85.17 पर आ गया।
मंगलवार की गिरावट के पीछे आईटी शेयरों की कमजोरी और एशियाई बाजारों के कमजोर संकेत मुख्य कारण रहे। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, इंफोसिस, एचसीएल टेक, अल्ट्राटेक सीमेंट जैसी बड़ी कंपनियों के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। सेंसेक्स की अधिकतर कंपनियां नुकसान में रहीं, जबकि इंडसइंड बैंक इकलौता शेयर रहा जो हरे निशान में नजर आया।
विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले दिनों में बाजार में स्थिरता देखी जा सकती है क्योंकि निवेशक अप्रैल के औद्योगिक और विनिर्माण उत्पादन के आंकड़ों और पहली तिमाही के जीडीपी आंकड़ों के जारी होने का इंतजार कर रहे हैं। वीके विजयकुमार (मुख्य निवेश रणनीतिकार, जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड) के मुताबिक बाजार फिलहाल मौजूदा स्तरों पर सीमित दायरे में रह सकता है।
दक्षिण कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्केई, शंघाई का एसएसई और हांगकांग का हैंग सेंग जैसे प्रमुख एशियाई बाजार नकारात्मक दायरे में कारोबार करते दिखे। अमेरिका में ‘मेमोरियल डे’ के चलते सोमवार को बाजार बंद रहे, जिससे वैश्विक संकेत भी कमजोर रहे और घरेलू निवेशकों का भरोसा डगमगाया।
यह भी पढ़ें : लालू परिवार में फिर गूंजी खुशियों की घंटी, तेजस्वी यादव बने पुत्र के पिता











