हरिद्वार में देर रात एक बड़ी एटीएम लूट की साजिश को पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया। कनखल थाना क्षेत्र में पंजाब नेशनल बैंक के एक एटीएम को गैस कटर से काट रहे दो बदमाशों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। ये दोनों आरोपी हरियाणा से लूट की योजना बनाकर हरिद्वार पहुंचे थे।
मामला तब सामने आया जब गश्त पर निकली पुलिस टीम को देशरक्षक से दादूबाग की ओर जाते समय पीएनबी एटीएम के पास एक युवक संदिग्ध अवस्था में भागता हुआ नजर आया। पास ही एक आई-20 कार खड़ी मिली, जिसकी नंबर प्लेट जांच में फर्जी निकली।
जब पुलिस ने एटीएम के पास पहुंचकर शटर की ओर देखा, तो वह बाहर से बंद था, लेकिन अंदर से कुछ हलचल की आवाजें आ रही थीं। संदेह होने पर टीम ने कान लगाकर सुना तो अंदर से तेज खटपट की आवाजें सुनाई दीं। सतर्कता दिखाते हुए पुलिस ने शटर को बाहर से लॉक कर दिया और अतिरिक्त फोर्स को बुला लिया।
फोर्स के पहुंचने पर जब शटर खोला गया, तो अंदर का नजारा चौंकाने वाला था। दो युवक गैस कटर की मदद से एटीएम को काटने में जुटे थे और पूरे केबिन में धुआं फैला हुआ था। एटीएम मशीन करीब आधी कट चुकी थी और अंदर करीब 25 लाख रुपये मौजूद थे।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान कार्तिक राणा (25) निवासी विकास नगर, पानीपत और धीरज (28) निवासी राजीव कॉलोनी, करनाल के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे नशे के आदी हैं और पैसों की जरूरत के चलते इस वारदात को अंजाम देने आए थे। उन्होंने एटीएम लूटने का तरीका यूट्यूब से सीखा था और पिछले दो-तीन दिनों से एटीएम की रेकी कर रहे थे।
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि पुलिस की सतर्कता से एक बड़ी लूट की वारदात को टाल दिया गया है। फिलहाल फरार तीसरे आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गैस कटर और अन्य औजार भी बरामद किए हैं।











