हरियाणा की 33 वर्षीय यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा, जो खुद को एक ‘घुमक्कड़’ बताती हैं, अचानक सुर्खियों में तब आ गईं जब उन्हें भारत की खुफिया जानकारी पाकिस्तान तक पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। लाखों सब्सक्राइबर वाली इस यूट्यूबर के पाकिस्तान से जुड़े वीडियो पहले सिर्फ दर्शकों को रोमांचित करते थे, लेकिन अब इन्हीं वीडियो ने उन्हें शक के घेरे में ला खड़ा किया है। कोर्ट ने उन्हें पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
ज्योति की पाकिस्तान यात्रा का सिलसिला एक या दो बार का नहीं था—वह तीन बार पड़ोसी मुल्क जा चुकी थीं और चौथी यात्रा की तैयारियों में थीं। उनके वीडियो में देखा जा सकता है कि वह उन जगहों पर जा रही थीं, जहां आम भारतीय नागरिकों का जाना लगभग नामुमकिन है। लाहौर की ट्रेन में पाकिस्तानी जवानों से गर्मजोशी से बातचीत और खास सरकारी इवेंट्स में उनकी मौजूदगी—ये सब सवाल खड़े करते हैं: आखिर एक आम यूट्यूबर को इतनी ‘खास’ तवज्जो क्यों मिल रही थी?
ज्योति के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर पाकिस्तानी उच्चायोग के कार्यक्रमों में शामिल होने की तस्वीरें और एक पाकिस्तानी अधिकारी के साथ वायरल फोटो, जिसे हाल ही में भारत ने जासूसी के आरोप में निष्कासित किया था, अब एक बड़ी जांच का हिस्सा बन चुके हैं। खुफिया एजेंसियों को शक है कि यूट्यूब की आड़ में ज्योति कुछ और ही खेल खेल रही थीं—ऐसा खेल जिसमें राष्ट्रीय सुरक्षा दांव पर लगी थी।
ज्योति की गिरफ्तारी से पहले हरियाणा में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत तीन और लोगों—नोमान इलाही, देवेंद्र ढिल्लों और अरमान—को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब इन चारों से आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की जाएगी ताकि सच सामने आ सके। यह मामला सिर्फ एक यूट्यूबर की गिरफ्तारी नहीं, बल्कि सोशल मीडिया की आड़ में चल रही संभावित अंतरराष्ट्रीय साजिश का इशारा भी हो सकता है।
यह भी पढ़ें : उत्तराखंड पंचायत चुनाव: तैयारियों पर बोले सीएम धामी, जल्द होगी तिथि घोषित











