देहरादून। उत्तराखंड में एडवेंचर टूरिज्म को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। साहसिक खेलों के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय पहचान रखने वाली संस्था एजे हैकेट इंटरनेशनल अब उत्तराखंड में बंजी जंपिंग सहित कई अन्य एडवेंचर गतिविधियों की शुरुआत करने जा रही है। इस प्रस्ताव को लेकर संस्था के मुख्य परिचालन अधिकारी जयडे हैकेट ने हाल ही में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की।
मुख्यमंत्री ने इस प्रस्ताव का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए कहा कि इससे उत्तराखंड के पर्यटन क्षेत्र को एक नई दिशा मिलेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार इस परियोजना के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी। साथ ही यह पहल युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा, “उत्तराखंड में इन प्रोजेक्ट्स की शुरुआत से राज्य को वैश्विक स्तर पर पहचान मिलेगी और यह कदम प्रदेश को एडवेंचर टूरिज्म का अंतरराष्ट्रीय हब बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।”
जयडे हैकेट, जो खुद पिछले 12 वर्षों से साहसिक पर्यटन उद्योग से जुड़े हैं, सिंगापुर स्थित स्काईपार्क सेंटोसा के संचालन और प्रशिक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं। वे विश्वविख्यात एडवेंचर स्पोर्ट्स आइकन एजे हैकेट के पुत्र हैं।
एजे हैकेट ने वर्ष 1987 में एफिल टावर से बंजी जंप कर रोमांच की दुनिया में इतिहास रच दिया था। उन्होंने ही 1988 में विश्व की पहली वाणिज्यिक बंजी जंपिंग साइट की स्थापना की थी। उनके इस अद्वितीय योगदान के लिए उन्हें न्यूजीलैंड ऑर्डर ऑफ मेरिट से सम्मानित किया गया।
उत्तराखंड में एजे हैकेट इंटरनेशनल की यह पहल न केवल राज्य में एडवेंचर टूरिज्म को नई पहचान दिलाएगी, बल्कि इसे दुनिया भर के एडवेंचर प्रेमियों के लिए एक प्रमुख गंतव्य भी बनाएगी।








