लखनऊ – रक्षाबंधन पर बहनों के लिए योगी आदित्यनाथ सरकार ने इस बार बड़ा तोहफा तैयार किया है। मुख्यमंत्री योगी ने ऐलान किया है कि राज्य की सभी माताएं, बहनें और बेटियां 8 अगस्त की सुबह 6 बजे से लेकर 10 अगस्त की रात 12 बजे तक रोडवेज और नगरीय बसों में बिलकुल मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। यही नहीं, उनके साथ यात्रा करने वाले एक सहयात्री को भी यह सुविधा मुफ्त मिलेगी, जो पहली बार किसी पर्व पर किया गया विशेष प्रावधान है।
तीन दिन फ्री सफर की सौगात
इस पहल के तहत रोडवेज की सभी श्रेणियों की बसें, यानी सामान्य से लेकर एसी और डीलक्स बसें तक, महिलाओं और उनके साथ सफर कर रहे एक सहयात्री के लिए निशुल्क होंगी। यह सुविधा पूरे प्रदेश में लागू होगी और 8 से 10 अगस्त तक यानी पूरे तीन दिन चलेगी। मुख्यमंत्री ने यह घोषणा मुरादाबाद में की, साथ ही सभी थानों और पुलिस लाइनों में जन्माष्टमी को भव्य रूप से मनाने के निर्देश भी दिए।
अतिरिक्त बसें और विशेष प्रबंधन
परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने जानकारी दी कि रक्षाबंधन के आसपास यात्रियों की भीड़ को देखते हुए 7 से 12 अगस्त तक अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक मासूम अली सरवर ने सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों को निर्देश दिए हैं कि भीड़ के अनुसार बसों की संख्या बढ़ाई जाए ताकि कोई भी यात्री असुविधा का सामना न करे।
सफर में साफ-सफाई और सुरक्षा पर जोर
बस अड्डों और बसों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सभी ड्राइवर-कंडक्टर की ब्रेथ एनालाइज़र से जांच की जाएगी ताकि यात्राएं सुरक्षित रहें। रास्ते में खड़े यात्रियों को भी बसों में बैठने की पूरी सुविधा दी जाएगी। रूट पर तैनात चेकिंग टीमों को सख्त निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
चालकों और कर्मचारियों को मिलेगा इनाम
जो चालक व परिचालक छह दिन में 1800 किमी तक की सेवा देंगे, उन्हें 1200 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यदि वे इससे ज्यादा दूरी तय करते हैं, तो प्रति किलोमीटर 55 पैसे अतिरिक्त दिए जाएंगे। वहीं डिपो व कार्यशालाओं में तैनात तकनीकी कर्मचारियों को इस अवधि में नियमित उपस्थिति पर 500 रुपये की एकमुश्त राशि मिलेगी। लेकिन यह प्रोत्साहन तभी मिलेगा जब बसों में 64 प्रतिशत से ज्यादा लोड फैक्टर हो।
टॉप 10 बस स्टेशनों पर विशेष इंतजाम
उत्तर प्रदेश के 10 प्रमुख बस अड्डों – गाजियाबाद, मुरादाबाद, मेरठ, बरेली, लखनऊ, सहारनपुर, आगरा, अलीगढ़, कानपुर और इटावा में सबसे ज्यादा भीड़ देखी जाती है। इन स्थानों पर अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती होगी और बेहतर सेवा देने वाले कर्मियों को 5000 रुपये तक का इनाम भी मिलेगा।
इस रक्षाबंधन पर, बहनों को सिर्फ भाई नहीं, सरकार भी दे रही है उपहार – वह भी तीन दिन का सफर फ्री में!
यह भी पढें- धराली आपदा: अपनों की तलाश में दर-दर भटकती महिलाएं सीएम धामी के सामने रो पड़ीं










