दून शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में नगर निगम देहरादून ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। प्रेमनगर क्षेत्र में उत्तराखंड का पहला पिंक एंड ग्रे हाईटेक स्मार्ट टॉयलेट तैयार किया गया है, जिसे मंगलवार को महापौर सौरभ थपलियाल ने जनता को समर्पित किया। यह अत्याधुनिक शौचालय न केवल स्वच्छता का नया मानक पेश करता है बल्कि महिलाओं और दिव्यांगजनों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए खास तकनीकी सुविधाओं से लैस किया गया है।
उद्घाटन के दौरान महापौर ने कहा कि यह सुविधा प्रेमनगर क्षेत्र की उपयोगिता बढ़ाने के साथ-साथ आधुनिक देहरादून का एक प्रेरक प्रतीक भी बनेगी। नगर आयुक्त नमामी बंसल ने भी भविष्य में शहर के अन्य इलाकों में ऐसे और स्मार्ट टायलेट तैयार करने की बात कही। उन्होंने बताया कि इस शौचालय को पूरी तरह सुरक्षित, साफ-सुथरा, उपयोग में सरल और भरोसेमंद बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया है।
पिंक टॉयलेट को महिलाओं की सुरक्षा, सुविधा और जरूरतों को केंद्र में रखकर डिज़ाइन किया गया है, वहीं ग्रे टॉयलेट को दिव्यांगजनों के लिए व्हीलचेयर-फ्रेंडली बनाया गया है, ताकि वे बिना किसी सहायता के सभी सुविधाओं का आसानी से उपयोग कर सकें।
पिंक स्मार्ट टॉयलेट (महिलाओं के लिए उपलब्ध सुविधाएँ)
- तीन इंडियन शौचालय सीटें
- एक वेस्टर्न सीट
- सेंसर-आधारित वॉश बेसिन
- ऑटोमैटिक हैंड ड्रायर
- ऑटोमैटिक शू पॉलिश मशीन
- बेबी फीडिंग एवं चेंजिंग रूम
- सेल्फी पॉइंट / फोटो ज़ोन
- सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सीसीटीवी कैमरे
- सुलभ एवं सुरक्षित प्रवेश द्वार
ग्रे स्मार्ट टॉयलेट (दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधाएँ)
- व्हीलचेयर के अनुकूल आसान चढ़ाई वाला रैंप
- सपोर्ट के लिए ग्रैब-हैंडल और सहायक बार
- अवरोध-रहित अतिरिक्त खुला मूवमेंट स्पेस
- फिसलन-रोधी (नॉन-स्लिप) फ्लोरिंग
- सुलभ प्रवेश द्वार
यह पहल न केवल प्रेमनगर बल्कि पूरे देहरादून के लिए स्वच्छता और आधुनिकता की दिशा में एक सराहनीय कदम है। ऐसी सुविधाएँ पर्यटन, स्वच्छता और सुरक्षित सार्वजनिक ढांचे को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।








