4 फरवरी से 13 फरवरी तक चलेगी हॉकी प्रतियोगिता

राष्ट्रीय खेलों के तहत हॉकी प्रतियोगिताएं 4 फरवरी से शुरू होकर 13 फरवरी तक चलेंगी। इस बार उत्तराखंड की पुरुष और महिला दोनों हॉकी टीमों में 18-18 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। खास बात यह है कि महिला टीम में हरिद्वार की बेटियों ने अपना दबदबा कायम किया है। टीम में हरिद्वार की आठ बेटियों को शामिल किया गया है, जिनसे प्रदेश को पदक दिलाने की उम्मीदें हैं।

हरिद्वार की आठ बेटियां महिला हॉकी टीम में चयनित

महिला हॉकी टीम में हरिद्वार की आठ खिलाड़ियों को जगह मिली है। इनमें कहकशा अली, ज्योति मेहरा, सलोनी पिलखवाल वंदना कटारिया स्पोर्ट्स स्टेडियम रोशनाबाद के हॉकी बालिका छात्रावास की खिलाड़ी हैं। इनके अलावा खुशी कटारिया और मुस्कान कटारिया भी रोशनाबाद से हैं। वहीं, रुड़की की प्रीति शर्मा और श्यामपुर की आरती कलूड़ा व पूजा कलूड़ा भी टीम का हिस्सा बनी हैं।

खुशी कटारिया अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया की भतीजी हैं, जबकि मुस्कान कटारिया भी उनके गांव की निवासी हैं।

श्यामपुर की आरती कलूड़ा और पूजा कलूड़ा श्रीराम विद्या मंदिर श्यामपुर की छात्राएं हैं। स्कूल के हॉकी कोच बलविंदर सिंह ने विश्वास जताया कि हरिद्वार की बेटियां राज्य के लिए मेडल जीतने में अहम भूमिका निभाएंगी।

पुरुष टीम में हरिद्वार से केवल एक खिलाड़ी का चयन

पुरुष हॉकी टीम में हरिद्वार के केवल एक खिलाड़ी विशाल कुमार का चयन किया गया है। वे गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के छात्र हैं और 18 सदस्यीय टीम में अपनी प्रतिभा दिखाने को तैयार हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विशाल के चयन पर खुशी जताई और उन्हें प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

हरिद्वार के खिलाड़ियों से मेडल की उम्मीद

हरिद्वार के खिलाड़ियों से राज्य को पदक दिलाने की उम्मीद है। वंदना कटारिया स्पोर्ट्स स्टेडियम रोशनाबाद के प्रशिक्षकों का मानना है कि उनकी टीम पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरेगी और बेहतरीन प्रदर्शन करेगी। उत्तराखंड की टीम इस बार राष्ट्रीय खेलों में दमखम दिखाने के लिए पूरी तरह तैयार है।

Share.
Leave A Reply