स्थानीय लोगों की शिकायतों पर प्रशासन ने कसी लगाम

देहरादून में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मानकों का उल्लंघन करने वाले दो बार और रेस्टोरेंट को सील कर दिया है। प्रशासन को लगातार स्थानीय बुजुर्गों और महिलाओं की ओर से शिकायतें मिल रही थीं कि इन स्थानों पर देर रात तक शराब और हुक्का परोसा जा रहा है। यही नहीं, तेज आवाज में डीजे बजाकर शांति भंग करने की भी शिकायतें मिली थीं। इन शिकायतों के आधार पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए रोमियो लेन और सर्किल बार को 15 दिनों के लिए सील कर दिया है।

देर रात तक चलता था हुक्का और शराब का खेल

जानकारी के अनुसार, राजपुर रोड स्थित रोमियो लेन बार और सर्किल बार में प्रशासनिक टीम ने छापेमारी की। छापेमारी के दौरान दोनों स्थानों पर सौ से अधिक लोग मौजूद थे, जिनमें कुछ स्कूली छात्र और अवयस्क नागरिक भी शामिल थे।

सर्किल रेस्टोरेंट में भी सौ से अधिक लोग शराब का सेवन करते हुए पाए गए। इसके अलावा, डीजे संचालक और कर्मचारियों ने बताया कि यहां हर रात एक से दो बजे तक पार्टी आयोजित की जाती है, जो नियमों का सीधा उल्लंघन है।

अग्रिम आदेश तक सील, सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने के निर्देश

जिला प्रशासन ने नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर दोनों बार और रेस्टोरेंट को अग्रिम आदेश तक सील कर दिया है। साथ ही, 13 से 15 फरवरी तक की सीसीटीवी फुटेज को संरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर इनका उपयोग किया जा सके।

प्रशासनिक टीम ने की छापेमारी

इस छापेमारी अभियान का नेतृत्व अपर जिलाधिकारी प्रशासन जय भारत सिंह ने किया। उनके साथ जिलाधिकारी चकराता योगेश मेहर, उप जिलाधिकारी न्याय कुमकुम जोशी सहित प्रशासन की पूरी टीम मौजूद रही।

प्रशासन द्वारा इस कार्रवाई से स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली है और इसे एक सकारात्मक कदम बताया है। जिला प्रशासन का कहना है कि शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी इस प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।

Share.
Leave A Reply