Demo

उत्तराखंड में बढ़ते जनसांख्यिकीय बदलावों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने प्रदेश के सभी थाना क्षेत्रों में सत्यापन अभियान चलाने का निर्देश दिया है। इस अभियान के तहत, विशेष रूप से बाहरी राज्यों से आए लोगों और आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों पर पैनी नजर रखने के लिए कहा गया है। प्रदेश में जनसंख्या परिवर्तन और समुदाय विशेष के तेजी से बसने को लेकर सरकार गंभीर दिख रही है।

देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल जैसे मैदानी जिलों के साथ-साथ पर्वतीय क्षेत्रों में भी समुदाय विशेष की जनसंख्या में तेजी से वृद्धि हुई है। राज्य के सीमावर्ती इलाकों में भी इन जनसांख्यिकीय बदलावों का असर देखा जा रहा है। इसे देखते हुए सीएम धामी ने डीजीपी अभिनव कुमार को सख्त निर्देश दिए हैं कि हर थाना क्षेत्र में विस्तृत सत्यापन अभियान चलाया जाए और राज्य के भीतर अपराधियों और बाहरी लोगों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। मुख्यमंत्री ने सीमावर्ती क्षेत्रों में गश्त और प्रदेश में रात के समय पेट्रोलिंग को सुदृढ़ करने पर भी जोर दिया है।

उन्होंने विशेष रूप से आपराधिक घटनाओं में शामिल व्यक्तियों और महिला अपराधों पर तेजी से कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। बुधवार को दोपहर के समय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अचानक पुलिस मुख्यालय पहुंचे, जिससे पुलिस महकमे में हलचल मच गई। पुलिस महानिदेशक अभिनव कुमार समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। सीएम धामी ने महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों पर विशेष नाराजगी जताई और महिला अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए पुलिस हेल्पलाइन कार्यालय का दौरा किया।

उन्होंने डकैती, लूट और अन्य गंभीर अपराधों के मामलों में त्वरित और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने मतांतरण और लव जिहाद से जुड़े मामलों पर तुरंत कार्रवाई करने की बात कही, ताकि प्रदेश की कानून व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सके। इस मौके पर एडीजी अमित कुमार सिन्हा, वी मुरुगेशन, एपी अंशुमान और अपर सचिव गृह निवेदिता कुकरेती भी उपस्थित रहे।

पुलिस अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण के निर्देश

मुख्यमंत्री ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने करियर के शुरुआती दौर में जिन थाना क्षेत्रों में तैनात थे, वहां जाकर स्थलीय निरीक्षण करें और पुलिसिंग व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव दें।

महिला अधिकारियों को मिलेगी जिम्मेदारी

महिला अपराधों पर नियंत्रण और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए सीएम धामी ने वरिष्ठ महिला आईपीएस अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारी देने की बात कही। साथ ही, उन्होंने आपराधिक गतिविधियों में तेजी से हो रहे वृद्धि वाले क्षेत्रों में निगरानी तंत्र को मजबूत करने और साइबर अपराधों से निपटने के लिए पुलिस कर्मियों को तकनीकी प्रशिक्षण देने के निर्देश भी जारी किए हैं।

यह भी पढ़ें – उत्तराखंड: घर में घुसकर मौसा ने गर्भवती महिला से की छेड़खानी, प्रसव पीड़ा के बाद शिशु की मौत।

Share.
Leave A Reply