देहरादून, 07 फरवरी 2025 (सू.वि.) – देहरादून नगर निगम के नव निर्वाचित महापौर सौरभ थपलियाल और 100 पार्षदों ने शुक्रवार को अपने पद और गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। नगर निगम परिसर में आयोजित इस भव्य शपथ ग्रहण समारोह में प्रशासक एवं आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने महापौर को पद की शपथ दिलाई, जिसके बाद महापौर ने सभी पार्षदों को शपथ ग्रहण करवाई।
शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा समेत कई प्रमुख जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह में धर्मपुर विधायक विनोद चमोली, कैंट विधायक सविता कपूर, राजपुर विधायक खजानदास, रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ, डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला और पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल के अलावा पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश अग्रवाल एवं पूर्व महापौर सुनील उनियाल गामा भी शामिल हुए।
इसके अलावा, जिलाधिकारी सविन बंसल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, मुख्य नगर आयुक्त नमामि बसंल, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, उप नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी इस महत्वपूर्ण अवसर के साक्षी बने। समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति ने इस आयोजन को और भव्य बना दिया।
नव निर्वाचित महापौर का संकल्प
महापौर सौरभ थपलियाल ने अपने संबोधन में नगर निगम देहरादून के विकास को प्राथमिकता देने और जनता की सेवा को सर्वोपरि रखने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता, यातायात व्यवस्था, जल निकासी और अन्य बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए ठोस प्रयास किए जाएंगे।
शपथ ग्रहण समारोह के साथ ही देहरादून नगर निगम के नव निर्वाचित प्रतिनिधियों ने अपने कार्यकाल की औपचारिक शुरुआत कर दी, जिससे शहरवासियों को नई उम्मीदें और विकास की संभावनाएं नजर आ रही हैं।