उत्तराखंड में आगामी विधानसभा उपचुनावों से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार संभव है। सूत्रों के अनुसार, इस विस्तार के साथ कुछ विभागों में फेरबदल की भी संभावना जताई जा रही है। पितृपक्ष की शुरुआत 17 सितंबर से हो रही है, और उससे पहले ही यह विस्तार होने की अटकलें तेज हो गई हैं।वर्तमान में धामी मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री समेत कुल आठ सदस्य हैं, जबकि संवैधानिक रूप से 12 सदस्यीय मंत्रिमंडल बन सकता है। पिछले वर्ष कैबिनेट मंत्री चंदन राम दास के निधन के बाद मंत्रिमंडल में एक और पद रिक्त हो गया था। 2022 में भाजपा के सत्ता में लौटने के बाद नौ मंत्रियों को शामिल किया गया था और तीन पद खाली छोड़े गए थे, जिन्हें अब भरा जा सकता है।राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि निकट भविष्य में होने वाले केदारनाथ विधानसभा उपचुनाव और नगर निकाय व त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के मद्देनजर मंत्रिमंडल विस्तार की संभावनाएं बढ़ गई हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने हाल ही में संकेत दिए थे कि मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री की एक और बैठक केंद्रीय नेतृत्व के साथ होनी है। इसके बाद विस्तार का निर्णय लिया जा सकता है।मुख्यमंत्री धामी के दिल्ली दौरे के दौरान मंत्रिमंडल विस्तार का मुद्दा अक्सर चर्चा में रहता है। बताया जा रहा है कि पार्टी हाईकमान से संकेत मिलते ही इस संबंध में अंतिम फैसला लिया जाएगा। इसके अलावा, कुछ मंत्रियों के विभागों में बदलाव की भी संभावना जताई जा रही है, जिससे मंत्रिमंडल का संतुलन और बेहतर हो सके। राजनीतिक गलियारों में इन संभावनाओं को लेकर चर्चा तेज हो गई है और सभी की नजरें अब मुख्यमंत्री के अगले कदम पर टिकी हैं, क्योंकि मंत्रिमंडल विस्तार पूरी तरह से उनके विशेषाधिकार का हिस्सा है।

यह भी पढ़ें – भूस्खलन की चपेट में आए चार श्रद्धालु, केदारनाथ दर्शन के बाद लौटते समय हुई मौत

Share.
Leave A Reply