भाजपा ने प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद सदस्य पद के चुनाव के लिए अधिसूचना और मतदाता सूची जारी कर दी है। भाजपा के वरिष्ठ नेता महेंद्र भट्ट ने प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए एकमात्र नामांकन दाखिल किया है, जिससे यह लगभग तय माना जा रहा है कि वह दोबारा इस पद पर निर्विरोध चुने जाएंगे।
प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, सांसद अजय भट्ट समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
एक जुलाई को होगी औपचारिक घोषणा
चुनाव अधिकारी खजान दास ने राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी के. लक्ष्मण के निर्देशानुसार रविवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में चुनाव अधिसूचना जारी की। उन्होंने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए कुल 125 मतदाता मतदान के लिए अधिकृत हैं। नामांकन प्रक्रिया आज दोपहर 12 बजे तक पूरी की जानी थी, जिसके बाद दोपहर 12 से 2 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच हुई और फिर 3 से 4 बजे तक नाम वापसी की समयसीमा तय की गई।
प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए तय हैं कड़े नियम
भाजपा संविधान के तहत, प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए वही कार्यकर्ता नामांकन दाखिल कर सकता है, जो पिछले 10 वर्षों से प्राथमिक सदस्य और कम से कम 3 वर्षों से सक्रिय सदस्य हो। ऐसे किसी भी योग्य कार्यकर्ता को चुनाव लड़ने के लिए पार्टी के निर्वाचक मंडल के कम से कम 10 सदस्यों द्वारा संयुक्त रूप से प्रस्तावित किया जाना आवश्यक है। यह प्रस्ताव एक तिहाई निर्वाचित जिलों से आना भी अनिवार्य है।
राष्ट्रीय परिषद सदस्य चयन प्रक्रिया भी तय
प्रदेश परिषद के सदस्य अपने राज्य की लोकसभा सीटों की संख्या के अनुसार राष्ट्रीय परिषद के सदस्य चुनेंगे। यह ध्यान रखा जाएगा कि अनुसूचित जाति और जनजाति वर्गों के प्रतिनिधियों की संख्या उनके आरक्षित सीटों के अनुपात में हो। प्रदेश की लोकसभा सीटों को दो-दो के समूह में बांटकर हर क्षेत्र से कम से कम एक सदस्य का चुनाव किया जाएगा।






