जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के बसंतगढ़ क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार सीआरपीएफ की 187वीं बटालियन के जवान एक ऑपरेशन के बाद बसंतगढ़ से लौट रहे थे, तभी कंडवा के पास उनका वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से फिसल गया और नाले में जा गिरा। इस दर्दनाक हादसे में तीन जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 15 जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना सुबह करीब 10:30 बजे की है, जब वाहन अचानक संतुलन खो बैठा और खाई में गिर गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बचाव एवं राहत कार्य शुरू किया गया। एडिशनल एसपी संदीप भट ने बताया कि सभी घायलों को निकटवर्ती अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
इस दर्दनाक हादसे पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने ट्वीट कर कहा,
“उधमपुर में हुई दुर्घटना में सीआरपीएफ कर्मियों की मृत्यु अत्यंत दुःखद है। राष्ट्र के लिए उनकी सेवा को सदैव याद रखा जाएगा। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”
एलजी ने संबंधित अधिकारियों को घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा देने और हरसंभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
यह हादसा एक बार फिर दर्शाता है कि पहाड़ी क्षेत्रों में सुरक्षाबलों की ड्यूटी कितनी चुनौतीपूर्ण और जोखिम भरी होती है।
यह भी पढें- आज उत्तराखंड में भारी बारिश का खतरा, रेड अलर्ट जारी — केदारनाथ यात्रा रोकी गई, स्कूल बंद










