राष्ट्रीय जनता दल के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव एक बार फिर पिता बन गए हैं। उनकी पत्नी राजश्री यादव ने कोलकाता के एक अस्पताल में स्वस्थ पुत्र को जन्म दिया है। इससे पहले 2023 में तेजस्वी को एक बेटी की प्राप्ति हुई थी, जिसका नाम कात्यायनी है। अब बेटे के आगमन से परिवार में उत्सव जैसा माहौल है।
तेजस्वी यादव ने इस खुशखबरी को खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ और फेसबुक पर साझा किया। उन्होंने अपने नवजात बेटे की तस्वीर के साथ लिखा, “सुप्रभात! आखिरकार इंतजार खत्म हुआ। हमारे नन्हे बेटे के आगमन की घोषणा करते हुए बहुत आभारी, धन्य और खुश हूं। जय हनुमान!” इस पोस्ट के बाद उन्हें देशभर से बधाइयों का तांता लग गया।
राजद पार्टी ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट से तेजस्वी और लालू परिवार को शुभकामनाएं दीं। पार्टी ने लिखा, “हमारे नेता प्रतिपक्ष को पुत्र रत्न की प्राप्ति पर हार्दिक बधाई और राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को फिर से दादा बनने की शुभकामनाएं।” तेजस्वी की बहन रोहिणी आचार्य ने भी अपने भाई-भाभी और भतीजी कात्यायनी को ढेर सारा प्यार और आशीर्वाद दिया।
तेजस्वी यादव का राजनीतिक सफर जितना चर्चित है, उतना ही रोचक उनका निजी जीवन भी रहा है। राजनीति में आने से पहले वे एक प्रतिभाशाली क्रिकेटर थे और विजय हजारे ट्रॉफी में झारखंड का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वे आईपीएल की दिल्ली डेयरडेविल्स टीम का भी हिस्सा रह चुके हैं। नौवीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़कर क्रिकेट को अपना करियर बनाने का सपना देखने वाले तेजस्वी, अब एक जिम्मेदार राजनेता और दो बच्चों के पिता बन चुके हैं।
यह भी पढ़ें : पंचकूला में एक ही परिवार की दिल दहला देने वाली मौतें: सुसाइड नोट में छलका आर्थिक तंगी का दर्द











