हल्द्वानी: इंसानियत की आड़ में शातिर ठगी; भूखे युवक को खाना खिलाना पड़ा भारी, गूगल पे से उड़ाए 42 हजार
हल्द्वानी: इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है जहाँ रोडवेज स्टेशन पर एक शातिर चोर ने भूख का नाटक कर एक व्यक्ति का मोबाइल छीन लिया और गूगल पे के जरिए उसके खाते से 42 हजार रुपये उड़ा दिए। यह सनसनीखेज वारदात नौ मार्च की है। पीड़ित हरेंद्र सिंह ने बताया कि चोर ने खाना खिलाते समय उनका यूपीआई पिन देख लिया था।
बस स्टेशन के पास मिले एक युवक ने भूख का बहाना बनाकर हरेंद्र सिंह से मदद मांगी। उसकी हालत देख हरेंद्र उसे पास के एक ढाबे में ले गए और खाना खिलाया। ढाबे पर डिजिटल पेमेंट करते वक्त शातिर चोर ने बड़ी चालाकी से हरेंद्र का पिन देख लिया। मौका पाते ही वह हरेंद्र के हाथ से मोबाइल छीनकर फरार हो गया। पीड़ित ने उसका पीछा किया, लेकिन वह भीड़ में गायब हो गया। जब तक पुलिस को सूचना दी गई, तब तक चोर ने गूगल पे से 42 हजार रुपये निकाल लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर आरोपी की तलाश जारी है।