अल्मोड़ा बागेश्वर चमोली चम्पावत देहरादून हरिद्वार नैनीताल पौड़ी गढ़वाल पिथौरागढ़ रुद्रप्रयाग टिहरी गढ़वाल उधम सिंह नगर उत्तरकाशी

रामनगर: पर्यटकों की बस पर युवकों का हमला, शीशे तोड़े, भयभीत हुए सैलानी

On: May 19, 2025 7:08 AM
Follow Us:

नैनीताल जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल रामनगर में उस समय अफरातफरी मच गई जब डिग्री कॉलेज के पास खड़ी एक पर्यटकों की बस पर अज्ञात युवकों ने अचानक हमला कर दिया। महाराष्ट्र से आए ये पर्यटक जंगल सफारी से लौट रहे थे और जैसे ही वे टेंपो ट्रैवलर में सवार हो रहे थे, कुछ स्थानीय युवकों ने बस पर क्रिकेट बैट से हमला बोल दिया। इस हमले में वाहन के आगे और साइड के शीशे टूट गए, जिससे पर्यटक भयभीत हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस संख्या DL 01 1948 को पर्यटकों ने सड़क किनारे पार्क किया था। उसी समय कुछ युवक आपस में किसी बात को लेकर झगड़ रहे थे। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि उन्होंने गुस्से में बस के सामने स्कूटी खड़ी कर दी और फिर क्रिकेट बैट से हमला कर बस के शीशे चकनाचूर कर दिए। बस में बैठे पर्यटकों ने हालात को समझाते हुए शांति की अपील की, लेकिन हमलावरों ने उनकी बात अनसुनी कर और ज्यादा तोड़फोड़ कर डाली।

घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। बस चालक सुनील कुमार शर्मा, जो हापुड़ के बाबूगढ़ छावनी के निवासी हैं, उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। उनका कहना है कि घटना शाम 7 बजकर 4 मिनट पर हुई थी, लेकिन पुलिस मौके पर करीब 50 मिनट देर से यानी 7:54 बजे पहुंची।

रामनगर कोतवाली के एसएसआई मनोज नयाल ने बताया कि चालक की तहरीर पर अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और चश्मदीदों से पूछताछ कर रही है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी पर्यटक को शारीरिक चोट नहीं पहुंची है।

इस घटना ने ना केवल पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि रामनगर जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल की छवि को भी धूमिल किया है। जहां राज्य सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयासों में जुटी है, वहीं ऐसी घटनाएं उन कोशिशों पर पानी फेरती नजर आती हैं।

स्थानीय निवासियों ने भी घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि पर्यटन क्षेत्रों में इस तरह की घटनाएं अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने प्रशासन से ऐसे मामलों में त्वरित और सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि पर्यटकों का भरोसा बना रहे और क्षेत्र की प्रतिष्ठा पर कोई आंच न आए।

यह भी पढें- Uttarakhand News: देहरादून पहुंची वित्त आयोग की टीम, आज अनुदान और वित्तीय मदद पर होगी अहम बैठक

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment