रानीखेत स्थित कुमाऊं रेजिमेंट सेंटर (केआरसी) ने एक और गौरवशाली अध्याय जोड़ा, जब 603 अग्निवीर कठिन प्रशिक्षण पूरा कर भारतीय सेना का अभिन्न हिस्सा बने। 31 सप्ताह की कठोर साधना से गुज़रकर निकले इन जवानों ने मंगलवार को ऐतिहासिक सोमनाथ ग्राउंड में आयोजित भव्य कसम परेड के दौरान राष्ट्र रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित करने की शपथ ली।
कसम परेड में केआरसी के कमांडेंट ब्रिगेडियर संजय कुमार यादव ने परेड की सलामी स्वीकार की और जवानों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि देश की वर्दी पहनकर इसकी रक्षा करना सौभाग्य और गर्व की बात है, और अग्निवीर जिस भी मोर्चे पर जाएं, रेजिमेंट की वीरता की परंपरा को और आगे बढ़ाएं।
बहादुरगढ़ द्वार से परेड मैदान में प्रवेश करते ही 603 नवसैनिकों का जोश देखते ही बनता था। सात महीने की कठिन तपस्या और अनुशासन की कसौटी पर खरे उतरकर ये युवा अब मातृभूमि की सेवा के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उनकी दमदार कदमताल और उच्च मनोबल ने वहां मौजूद हर व्यक्ति को गर्व से भर दिया और युवाओं को सेना में शामिल होने की प्रेरणा भी दी।
धर्मगुरुओं की उपस्थिति में अग्निवीरों ने धर्मग्रंथों पर हाथ रखकर देश की आन, बान और शान की रक्षा करने तथा आवश्यकता पड़ने पर अपना सर्वस्व अर्पित करने की कसम खाई। इस गौरवमय क्षण के साक्षी उनके माता-पिता, भाई-बहन और अन्य परिजन बने, जिनकी आंखों में गर्व और भावनाओं का सैलाब उमड़ रहा था।
कुमाऊं रेजिमेंट सेंटर की समृद्ध सैन्य परंपरा में यह दिन हमेशा यादगार रहेगा, जब छठे बैच के 603 अग्निवीर भारतीय सेना में शामिल होकर ‘फर्ज के अग्निपथ’ पर अपने कदमों की गूंज छोड़ गए।
अग्निपथ पर नया इतिहास: 603 अग्निवीर कुमाऊं रेजिमेंट में सम्मिलित, देशसेवा का उठाया संकल्प
On: December 2, 2025 8:05 AM








