किच्छा | उत्तराखंड के किच्छा क्षेत्र में एक युवती द्वारा शादी की जिद को लेकर ऐसा कदम उठाया गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। प्रेमी द्वारा ऐन वक्त पर शादी से इनकार किए जाने से नाराज युवती रेलवे लाइन के पास स्थित एक हाईटेंशन विद्युत पोल पर जा चढ़ी। गनीमत यह रही कि युवती बिजली की हाईटेंशन लाइनों की चपेट में नहीं आई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
शादी का झांसा देकर मुकरा प्रेमी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, किच्छा के हल्द्वानी बाईपास क्षेत्र की रहने वाली युवती का अपने ही पड़ोस में रहने वाले एक युवक के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया जा रहा है कि युवक काफी समय से युवती को शादी का भरोसा देता आ रहा था।
हालांकि, शनिवार रात जब युवती ने शादी की बात छेड़ी तो युवक ने साफ इनकार कर दिया। प्रेमी के मुकरने से आहत और गुस्से से तिलमिलाई युवती रविवार सुबह घर से निकलकर पास ही स्थित रेलवे लाइन के किनारे पहुंच गई और वहां लगे हाईटेंशन टावर (पोल) पर चढ़कर हंगामा करने लगी।
मौके पर जुटी भारी भीड़, कड़ी मशक्कत के बाद उतारा नीचे
युवती को हाईटेंशन पोल पर चढ़कर चिल्लाते देख आसपास के लोग सन्न रह गए। देखते ही देखते मौके पर भारी संख्या में लोगों का मजमा लग गया। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने समझदारी दिखाई और युवती को समझाना-बुझाना शुरू किया।
काफी देर तक चली मान-मनौव्वल और कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने युवती को सुरक्षित पोल से नीचे उतारा। गनीमत रही कि टावर पर चढ़ने के दौरान युवती का हाथ या शरीर किसी चालू बिजली के तार से नहीं टकराया, वरना कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
इस पूरी घटना का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब इंटरनेट मीडिया (सोशल मीडिया) पर तेज़ी से प्रसारित हो रहा है। घटना के बाद स्थानीय पुलिस भी मामले की जानकारी जुटाने में लगी है, ताकि दोनों पक्षों के बीच उपजे विवाद को शांत कराया जा सके।
ये भी पढ़े➜उत्तराखंड: पिथौरागढ़ में कुदरत का कहर, उफान पर नदियां; चीन सीमा से कटा संपर्क






