IND vs PAK Asian Games Final: भारतीय क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स 2026 में एक बार फिर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया है। मेंस टी20 के गोल्ड मेडल मुकाबले में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 19 रन से हराकर लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इस जीत के साथ भारत की झोली में आइची-नागोया गेम्स का 19वां गोल्ड मेडल भी आ गया।
पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 211 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया, जबकि गेंदबाजी में वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल और शिवम दुबे ने अहम भूमिका निभाई। पाकिस्तान की टीम ने भी मुकाबले को रोमांचक बनाने की पूरी कोशिश की, लेकिन 192 रन तक ही पहुंच सकी।
हर दिशा से जुड़ रहा "उत्तराखण्ड"
IND vs PAK Asian Games Final
अभिषेक शर्मा ने 20 गेंदों में जड़ा अर्धशतक
भारत की शुरुआत तेज रही। वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा ने शुरुआती दो ओवर में 28 रन जोड़ दिए। हालांकि तीसरे ओवर में वैभव अपना विकेट गंवा बैठे। इसके बाद संजू सैमसन भी ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके। अभिषेक शर्मा ने आक्रामक अंदाज जारी रखा और महज 20 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। उन्होंने 28 गेंदों पर 61 रन की पारी खेली, जिसमें 7 छक्के और 3 चौके शामिल रहे।
स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएँ
तिलक वर्मा ने संभाली पारी
अभिषेक के आउट होने के बाद भारतीय बल्लेबाजी थोड़ी धीमी हुई। ईशान किशन और कप्तान श्रेयस अय्यर बड़ी पारी नहीं खेल सके। इसके बाद तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला और तेजी से रन बनाए। तिलक ने सिर्फ 22 गेंदों में 51 रन ठोक दिए। उनका साथ शिवम दुबे ने दिया, जिन्होंने 15 गेंदों पर 27 रन बनाए। दोनों की तेज पारियों की बदौलत भारत ने 20 ओवर में 211 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।पाकिस्तान की ओर से अराफात मिन्हास ने 2 विकेट लेकर 25 रन दिए, जबकि अबरार अहमद ने 1 विकेट हासिल किया।
पाकिस्तान ने गंवाए शुरुआती विकेट
212 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत खराब रही। टीम ने सिर्फ 39 रन के स्कोर पर अपने तीन विकेट गंवा दिए। अक्षर पटेल ने दो विकेट लिए, जबकि वॉशिंगटन सुंदर को भी एक सफलता मिली।हालांकि इसके बाद हसन नवाज ने भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। उन्होंने चौके-छक्कों की मदद से तेजी से रन जुटाए। शुरुआती दौर में नवाज का एक कैच वैभव सूर्यवंशी से भी छूटा, उस समय वह सिर्फ 4 रन पर थे।
IND vs PAK Asian Games Final
नवाज ने 96 रन बनाकर बढ़ाई भारत की चिंता
कैच छूटने का फायदा उठाते हुए हसन नवाज ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 28 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और सैम अयूब के साथ मिलकर 87 रन की साझेदारी की। इस साझेदारी ने पाकिस्तान को मुकाबले में वापस ला दिया।
शिवम दुबे ने सैम अयूब को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा, लेकिन नवाज लगातार रन बनाते रहे।18वें ओवर में वॉशिंगटन सुंदर और 19वें ओवर में जसप्रीत बुमराह ने मिलकर पाकिस्तान पर दबाव बढ़ाया। दोनों ओवरों में कुल 19 रन ही आए और आखिरी ओवर में पाकिस्तान को जीत के लिए 33 रन चाहिए थे।
शिवम दुबे ने आखिरी ओवर में भारत की जीत पक्की कर दी। उन्होंने अंतिम गेंद पर हसन नवाज को 96 रन पर आउट कर दिया। नवाज ने 51 गेंदों में 96 रन बनाए, जिसमें 7 छक्के और 5 चौके शामिल थे। पाकिस्तान की टीम 192 रन पर सिमट गई।
IND vs PAK Asian Games Final
लगातार दूसरी बार भारत बना चैंपियन
भारत ने 19 रन से जीत दर्ज करते हुए एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बार मेंस टी20 का गोल्ड मेडल जीत लिया। अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, वॉशिंगटन सुंदर और शिवम दुबे भारत की जीत के प्रमुख खिलाड़ियों में रहे। वहीं पाकिस्तान का एशियन गेम्स 2026 में पहला गोल्ड मेडल जीतने का सपना टूट गया।









