सितारगंज में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक को बंधक बनाकर 50 हजार रुपये की फिरौती मांगी गई। पैसे नहीं देने पर आरोपितों ने युवक को बेरहमी से पीटा और उसके शरीर पर गर्म चाकू से दागते हुए अमानवीय यातनाएं दीं। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, अंबेडकर वार्ड नंबर आठ निवासी पृथ्वीराज पुत्र देवराज ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सात जून की शाम वह किसी कार्य से बाजार गया था। इसी दौरान स्टेट बैंक के पास उसकी मुलाकात अंबेडकर नगर निवासी कासिद पुत्र मोहम्मद इस्माइल और बाईपास कॉलोनी निवासी अमन गुप्ता पुत्र रमेश गुप्ता से हुई। दोनों युवक उसे काम के बहाने अमन गुप्ता के घर ले गए, जहां कुछ देर बाद अमन का बड़ा भाई आकाश भी आ पहुंचा।
तीनों ने मिलकर पृथ्वीराज को एक कमरे में बंद कर लिया और उस पर दबाव बनाना शुरू कर दिया कि वह अपने घरवालों से 50 हजार रुपये मंगवाए। जब उसने इनकार किया, तो आरोपियों ने उसकी कमीज उतरवाकर उसके शरीर पर चाकू को गर्म करके दागा और हाथ-पैर बांधकर बेरहमी से पीटा। पीड़ित की पीठ पर कई जगह गंभीर जलने और चोट के निशान पाए गए हैं।
युवक ने बताया कि आरोपियों की यातनाएं सहन न कर पाने पर उसने अपनी बहन का मोबाइल नंबर उन्हें दे दिया। इसके बाद आरोपियों ने उसकी बहन को फोन कर धमकाया कि अगर वह अपने भाई की सलामती चाहती है तो 50 हजार रुपये का इंतजाम करे।
पीड़ित ने आगे बताया कि रातभर उसे कमरे में बंद रखा गया और लगातार प्रताड़ित किया गया। सुबह जब मोहल्ले में हलचल बढ़ी तो तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। किसी तरह से पृथ्वीराज ने जान बचाई और अपने घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती सुनाई।
बताया जा रहा है कि पीड़ित और आरोपियों के बीच पूर्व में किसी आर्थिक लेनदेन को लेकर विवाद भी हुआ था, जो इस घटना की पृष्ठभूमि हो सकता है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं।





