हरिद्वार: सिडकुल क्षेत्र से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक फैक्ट्री में काम करने वाले युवक ने विधवा महिला के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता को गंभीर हालत में एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, पीड़िता मूल रूप से मुजफ्फरनगर के छपार थाना क्षेत्र की रहने वाली है। शादी के कुछ समय बाद उसके पति की मौत हो गई थी, जिसके बाद वह अपने छोटे भाई के साथ हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र में रहने लगी और वहीं की एक कंपनी में नौकरी कर रही थी।
तहरीर में बताया गया कि सिडकुल की उसी फैक्ट्री में काम करने वाला रजत नाम का युवक, जो सहदेवपुर थाना पथरी क्षेत्र का निवासी है, पिछले कुछ समय से महिला को परेशान कर रहा था। 11 मई को उसने बहला-फुसलाकर महिला को अपने कमरे पर बुलाया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया।
जब महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने उसकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया और फिर लोहे की रॉड और धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में उसकी हालत गंभीर होने पर उसे एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया।
सिडकुल थाना प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढें- शोपियां के घने जंगलों में दहशत का अंत, ऑपरेशन केल्लर में तीन आतंकी ढेर





