टी20 और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद विराट कोहली अब न केवल अपने खेल से, बल्कि अपने आध्यात्मिक पहलुओं से भी जुड़ते दिखाई दे रहे हैं। हाल ही में वह अपनी पत्नी, अभिनेत्री अनुष्का शर्मा के साथ अयोध्या पहुंचे, जहां उन्होंने प्रसिद्ध हनुमान गढ़ी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। यह मंदिर लगभग 1000 साल पुराना माना जाता है और आस्था का एक प्रमुख केंद्र है।
इस आध्यात्मिक यात्रा के दौरान कोहली और अनुष्का पूर्ण श्रद्धा और भक्ति के साथ पूजा करते नजर आए। मंदिर के पुजारी ने उन्हें पूरे विधि-विधान से पूजा कराई, जिसमें दोनों ने गहरी श्रद्धा के साथ भाग लिया। पूजा के पश्चात उन्होंने भगवान हनुमान के सामने मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया और कुछ समय मंदिर परिसर में शांति के साथ बिताया। इस खास पल का एक वीडियो ANI न्यूज एजेंसी द्वारा भी साझा किया गया है, जिसमें उनकी भक्ति भाव स्पष्ट रूप से झलकती है।
विराट कोहली का यह धार्मिक रुख तब सामने आया है जब वह क्रिकेट के एक लंबे और सफल सफर से ब्रेक ले चुके हैं। हाल ही में प्रेमानंद महाराज से भी उन्होंने आशीर्वाद लिया था और अब अयोध्या की यह यात्रा उनके आध्यात्मिक झुकाव को दर्शाती है।
वहीं दूसरी ओर, कोहली आईपीएल 2025 के 18वें सीजन में भी सक्रिय हैं और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) का हिस्सा हैं। उनकी टीम ने इस सीजन में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर लिया है। ऐसे में एक ओर जहां वे मैदान में अपनी टीम के लिए मोर्चा संभाले हुए हैं, वहीं दूसरी ओर अध्यात्म से जुड़कर आंतरिक शांति की ओर भी बढ़ते दिख रहे हैं।
यह भी पढ़ें : कोटद्वार में चला सीएम धामी का एक्शन बुलडोजर, खोह नदी किनारे से हटाया अतिक्रमण!










